डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा बुधवार को गांव दाहिमा व गुंजार में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ग्रामीणों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें यात्रा के दौरान प्रदत्त की जाने वाली सरकारी योजनाओं व सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया।
डिप्टी स्पीकर ने गांव दाहिमा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार प्रदेश में अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करते हुए अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद के माध्यम से सरकार विकास की गारंटी समाज के वंचित व अंतिम वर्ग तक पहुंच रही है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे ही सरकार की योजनाओं व सेवाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहचान पत्र के माध्यम से गांव दाहिमा में 382 परिवारों के बीपीएल कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसी प्रकार 341 नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जिनमें 203 वृद्धावस्था पेंशन, 10 दिव्यांग पेंशन, 105 विधवा पेंशन, 19 निराश्रित बच्चों व 2 स्कूल न जाने वाले दिव्यांग बच्चों को प्रदान की जाने वाली पेंशन तथा 2 लाडली पेंशन शामिल हैं। गांव के 987 पात्र व्यक्तियों के चिरायु कार्ड बनाए जा चुके हैं, इनमें से 86 लोगों ने पिछले कुछ दिनों में योजना के तहत अपना मुफ्त ईलाज करवाया, जिस पर लगभग 33 लाख 6 हजार रुपये की राशि खर्च हुई।
गांव गुंजार में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सरकार ने इस यात्रा को जनसंवाद के साथ जोडक़र लोगों को बड़ी सौगात दी है। विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम के तहत मेरी कहानी-मेरी जुबानी के माध्यम से लाभार्थियों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय व गरीब कल्याण से संबंधित योजनाएं चलाकर गरीबों का दिल जीत लिया है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत, चिरायु कार्ड, जन-धन खाता, हर घर नल से जल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत, बिजली, आवास, रोजगार योजना बारे में आमजन को विस्तार से जानकारी और लाभ देना है। पहचान पत्र के माध्यम से गांव गुंजार में 170 परिवारों के बीपीएल कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसी प्रकार 135 नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जिनमें 98 वृद्धावस्था पेंशन, 9 दिव्यांग पेंशन, 24 विधवा पेंशन, 2 निराश्रित बच्चों को प्रदान की जाने वाली पेंशन तथा 2 लाडली पेंशन शामिल हैं। गांव के 424 पात्र व्यक्तियों के चिरायु कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में लोक गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के लोक कलाकारों की सराहना भी की।
इसके अतिरिक्त खंड आदमपुर के गांव ढाणी मोहब्बतपुर व घुड़साल तथा खंड उकलाना के गांव ज्ञानपुरा व खरक पुनिया में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची। गांव ढाणी मोहब्बतपुर में जिला महामंत्री प्रवीन पोपली, गांव घुड़साल में वरिष्ठ नेता रणधीर पनिहार, ज्ञानपुर में सीमा गैबीपुर तथा खरक पुनिया में आशा रानी ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टालें लगाकर आमजन को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी, एनीमिया आदि की जांच, निरोगी हरियाणा योजना का लाभ, कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन, बैंकिंग सेवाओं के लिए स्टाल, ऋण आवेदनों से संबंधित हेल्प सर्विस डेस्क भी लगाए गए। विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, गांव दाहिमा के सरपंच राजकुमार, गांव गुंजार के सरपंच साहिल, भोजराज के सरपंच रामनिवास गोदारा, दिलबाग, संयोजक कमल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Leave a Reply