हिसार। देश की जनता ने पिछले 75 साल में कांग्रेस और भाजपा का शासन देख लिया है। इन दोनों पार्टियों ने आम आदमी के हितों के लिए काम करने की बजाय केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का काम किया है। दोनों पार्टियों ने जनता को ठगने काम किया है। यह बात आज आम आदमी पार्टी के ग्रामीण जिलाध्यक्ष दलबीर किरमारा ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कही। बयान में उन्होंने कहा कि आज भी देश व प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार व महंगाई से त्रस्त है। स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता आज भी तरस रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में गरीब व आम आदमी बीमारियों के कारण तड़पकर जान देने को मजबूर है। वहीं सरकारी शिक्षा तंत्र को खत्म किए जाने का काम किया जा रहा है, जिसके कारण आम व गरीब आदमी के लिए अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा कि पहली बार अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं जनता को दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य करके दिखाया। यह कार्य दिल्ली व पंजाब की जनता देख चुकी है। आम आदमी पार्टी की शिक्षा व शिक्षा नीतियों की चर्चा पूरे विश्व में है। वहीं हरियाणा सहित अन्य राज्यों में सरकारी स्कूलों व अस्पतालों की हालत खस्ता हो चुकी है। हरियाणा में लगातार सरकारी स्कूलों को बंद करने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब 834 स्कूलों को मर्ज करने के नाम पर बंद करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब देश व प्रदेश की जनता को यह सोचना होगा कि कौन सी पार्टी उनके हितों के लिए काम कर सकती है। इसके अलावा कौन से नेता दल बदल कर जनता की बजाय अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने का काम कर रहे हैं। दलबीर किरमारा ने कहा कि अगर कोई देश व हरियाणा के विकास की बात कर सकता है वह सिर्फ अरविंद केजरीवाल है। ग्रामीण जिलाध्यक्ष दलबीर किरमारा ने कहा कि आम जनता के हितों के लिए नीतियां बनाने और उनको धरातल पर लागू करने का काम केवल आप पार्टी ही कर सकती है। इसलिए व्यवस्था में बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी को मौका दें
Leave a Reply