किसानों की हितैषी कहने वाली भाजपा सरकार की असलियत आई सामने : अशोक मंगालीवाला

 किसानों की हितैषी कहने वाली भाजपा सरकार की असलियत आई सामने : अशोक मंगालीवाला

– किसानों की हितैषी कहने वाली भाजपा सरकार की असलियत आई सामने : अशोक मंगालीवाला
– कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक मंगालीवाला ने विभिन्न गांवों में चलाया जनसंपर्क अभियान
– अशोक मंगालीवाला ने कहा, किसानों को सशक्त बनाने के लिए उनके पास कई योजनाएं

हिसार : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व जनसेवक अशोक मंगालीवाला ने हिसार लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा करके जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने विभिन्न गांवों का अवलोकन करके ग्रामीणों से अपनी विचारधारा व योजनाओं को साझा किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांवों में व्याप्त समस्याएं भी अशोक मंगालीवाला के समक्ष रखी। मंगालीवाला ने हर समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों को आश्वस्त किया।
  जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंगालीवाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने आप को किसानों की हितैषी कहती है लेकिन उसकी असलियत शंभु बॉर्डर पर देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि धरने व प्रदर्शन से रोकने के लिए किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं और रबड़ की बुलेट्स दागी जा रही हैं। इस घटनाक्रम में बहुत से किसान बुरी तरह घायल हो चुके हैं लेकिन सरकार किसानों की मांगें मानने के लिए तैयार नहीं है।
    मंगालीवाला ने कहा कि वे किसान परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रहे हैं। इसके तहत ऐसी हवाई व्यवस्था करवाई जाएगी कि किसान गल्फ देशों में जाकर अपनी हरी सब्जियां बेच पाएंगे। इसके साथ-साथ युवा किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि गोबर का उचित निस्तारण न होने से ग्रामीण व किसान परेशान रहते हैं। उस गोबर से कुकिंग गैस बनाकर न केवल 200 रुपये में गैस उपलब्ध करवाई जाएगी बल्कि इससे बचे वेस्ट से जैविक खाद बनाने का कार्य किया जाएगा।
   अशोक मंगालीवाला ने कहा कि पढ़ाई के लिए उच्च शिक्षा की व्यवस्था व दिल्ली-गुरुग्राम जैसी एमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं को शुरू करवाने की भी उनकी योजना है। इसी भांति बेसहारा माताओं-बहनों को धागा कातने के लिए चरखा उपलब्ध करवाकर धागा खरीदने की समुचित व्यवस्था करवाई जाएगी। इसी तरह पब्लिक शौचालयों के सुधारीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि हिसार लोकसभा की जनता ने यूं ही साथ दिया तो वे अपने हर वादे को हर हाल में पूरा करके दिखाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.