हिसार, 1 मार्च : पशु उपचार पशुपालक के द्वार पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण योजना के अंतर्गत हरियाणा सरकार ने जिले को 7 मोबाइल पशुधन एंबुलेंस उपलब्ध करवाए हैं। पशुधन एंबुलेंस के माध्यम से टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करने उपरांत किसानों और पशुपालकों के पशुओं को घर पर ही उपचार मिल सकेगा।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले को उपलब्ध करवाए गए 7 मोबाइल पशुधन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश में ऐसी 20 मोबाइल पशुधन एंबुलेंस थी जोकि अब आंकड़ा बढकऱ 90 हो गया। उन्होंने बताया कि मोबाइल पशुधन एंबुलेंस के माध्यम से बीमार पशुओं को घर द्वार जाकर उपचार दिया जाएगा। मोबाइल पशुधन एंबुलेंस के साथ वेटरनरी सर्जन, वीएलडीए एवं ड्राईवर उपलब्ध रहेंगे। वाहन निर्धारित शेड्यूल अनुसार दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 8 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि चिकित्सा युक्त मोबाइल पशुधन एंबुलेंस को कॉल सेंटर से जोड़ा गया है। जीपीएस युक्त इन मोबाइल पशुधन एंबुलेंस से पशु चिकित्सा सेवा की मॉनिटरिंग तथा परामर्श सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना के तहत पशुपालकों को मुफ्त पशु चिकित्सा सुविधा के साथ ही पशु चिकित्सालय काल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1962 पर परामर्श भी दिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जिले का कोई भी पशुपालक अपने पशुओं के बीमार होने पर टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क स्थापित अपने घर त्वरित पशु चिकित्सा का लाभ उठा सकते हैं। मोबाइल पशुधन एंबुलेंस की सेवा से पशु संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नीरज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Leave a Reply