नायब सरकार फ्लोर टेस्ट में पास 

नायब सरकार फ्लोर टेस्ट में पास 

सीएम सैनी बोले- हमारी सरकार पहले भी विश्वास में थी, आज भी है, जनता का भी विश्वास हमारे साथ 

हिसार, 13 मार्च : हरियाणा में नए सीएम नायब सैनी की सरकार फ्लोर टेस्ट में पास हो गई है। आज विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पास किया गया। इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सीक्रेट वोटिंग कराओ, लेकिन स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत हुआ। इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई।

झज्जर की एक जनसभा का जिक्र करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि मैंने वहां लोगों के हाथ खड़े करवा कर पूछा कि कितने युवाओं को बिना पर्ची खर्ची के नौकरी मिली है, तो वहां अधिकांश युवाओं ने हाथ खड़े किए। यह सरकार की पारदर्शिता है। इस पर विपक्ष के लोगों ने ऑब्जेक्शन किया। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कोई एहसान किया है। नायब सैनी ने कहा कि हर गांव, हर गांव, हर सड़क तक विकास पहुंचाने का काम किया है। पहले की मनोहर लाल सरकार ने जैसा काम किया है वैसा ही करना है।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि आज लोगों के जीवन को सरल करने का काम हमारी सरकार ने किया है। बहुत सारे ऐसे काम हैं, अगर उनको हम गिनवाएंगे तो बहुत समय लगेगा। चूंकि मैं पहली बार आज सदन में आया हूं और विश्वास मत को लेकर चर्चा चल रही है। मैं ज्यादा इस विषय पर नहीं बोलूंगा। मैं इस सदन को विश्वास में लेकर कहना चाहूंगा कि हमने कड़ी मेहनत से हरियाणा के लोगों के लिए जुटना है। उनके लिए नई योजनाएं लाएं, हमें उस पर काम करना है। हमारी सरकार पहले भी विश्वास में थी, आज भी है। जनता का भी विश्वास हमारी सरकार के साथ है।

मनोहर लाल ने दिया इस्तीफा, करनाल सीट से उपचुनाव लड़ेंगे सीएम नायब सैनी

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सदन में धन्यवाद भाषण के बाद करनाल विधानसभा सीट से अपना त्याग पत्र देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो भी नई जिम्मेदारी मेरी तय की जाएगी वो और भी सुचारु रूप मैं पूरी करूंगा। अब करनाल सीट से नायब सैनी उपचुनाव लड़ेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री सैनी द्वारा सदन में विश्वासमत रखने पर जननायक जनता पार्टी के सभी 10 विधायक सदन से बाहर चले गए। एक निर्दलीय बलराज कुंडू ने भी कार्यवाही छोड़ दी।

मुझे तरासने के लिए विपक्ष ने अहम भूमिका निभाई : मनोहर लाल

पूर्व सीएम मनोहर लाल के सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पर विपक्ष ने अपना विरोध जताया। इस पर मनोहर लाल ने कहा कि कोई नहीं, मैं तो सदन का धन्यवाद करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं इस सदन में 9 साल 4 महीने तक मुख्यमंत्री रहा। जब मैं नया नया आया था तो कहा गया कि इन्हें अनुभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अनुभव कुछ बातें जनता के बीच पहुंचने पर पता हो जाएंगी। कुछ बातें अधिकारी बता देंगे और जो कुछ बातें बच जाती हैं वह सदन में विपक्ष सिखा देता है। उन्होंने कहा कि मुझे तरासने के लिए विपक्ष ने अहम भूमिका निभाई, मैं इसके लिए उनका आभार प्रकट करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.