हिसार, 13 मार्च : हिसार के हांसी में सरकारी नौकरी न मिलने से परेशान युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी मौत हो गई। युवक काफी समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। कुछ दिन पहले आए गु्रप-डी के रिजल्ट में भी उसका नाम नहीं आया। पुलिस के अनुसार गांव जीतपुरा निवासी मोनू यादव (26) ने गांव देपल के पास कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हांसी के अस्पताल में पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता धर्मवीर यादव को घटना की जानकारी दी। इस बीच इलाज के दौरान मोनू की मौत हो गई। मोनू के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा मंगलवार को भिवानी जाने की बोल कर घर से निकला था। उन्होंने दोपहर को बेटे को फोन किया तो उसने एक घंटे बाद घर पहुंचने की बात कही। लेकिन, वह घर नहीं पहुंचा। इसके कुछ समय बाद पुलिस का फोन आया कि बेटे ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
Leave a Reply