हिसार, 23 अप्रैल :भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने दावा किया है कि लोकसभा उम्मीदवार रणजीत सिंह के चुनाव प्रचार को जनता को भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा उम्मीदवार ने जिन हलकों का दौरा किया है, उन हलकों में जनता ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने में प्रतिबद्धता दर्शाई है।
डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए सबसे पहले उम्मीदवार घोषित करके प्रचार अभियान शुरू कर रखा है। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों व मोर्चों की बैठक लेकर संबंधित कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जनता इन नीतियों से अनभिज्ञ न रहें। उन्होंने कहा कि केन्द्र व हरियाणा की भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों ने हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाई है, जिनका लाभ हर वर्ग को मिल रहा है। इन नीतियों का लाभ उठाकर हर वर्ग का उत्थान हुआ है।
डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए 400 पार का नारा दिया है और इस नारे को देश की जनता के सहयोग से साकार करना है। जनता ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने की ठान ली है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल कांग्रेस अभी तक अपना प्रत्याशी भी नहीं उतार पाई है, जिसके चलते विरोधियों के हौंसले चुनाव से पहले ही पस्त हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि हिसार सहित हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर सभी उम्मीदवार भारी मतों से चुनाव जीतेंगे और तीसरी बार मोदी सरकार बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
भाजपा लोकसभा मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। संगठन में वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं की बैठकें लेकर उनकी ड्यूटियां लगा चुके हैं वहीं हर दिन अन्य वरिष्ठ नेता बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं को अपडेट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के प्रति भारी उत्साह है।
Leave a Reply