जेजेपी प्रत्याशी नैना चौटाला का ऐलान, जनता ने संसद भेजा तो वेतन भत्ते की सारी राशि महिला और बेटियों पर करूंगी खर्च 

जेजेपी प्रत्याशी नैना चौटाला का ऐलान, जनता ने संसद भेजा तो वेतन भत्ते की सारी राशि महिला और बेटियों पर करूंगी खर्च 

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 8 मई : मैं जिस दिन से सक्रिय राजनीति में उतरी हूं, उसी दिन से मैंने महिलाओं के हित में काम किया है और भविष्य में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, उन्हें सक्रिय राजनीति में भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध हूं। यदि हिसार की जनता मुझे सांसद चुनकर दिल्ली में भेजती है तो सांसद के रूप में मिलने वाले वेतन और भत्ते को मैं हिसार लोकसभा क्षेत्र की जरूरतमंद महिलाओं और बेटियों पर खर्च करूंगी और एक भी पैसा अपने घर नहीं लेकर जाऊंगी। यह बात हिसार से जेजेपी प्रत्याशी नैना सिंह चौटाला ने कही। वे बुधवार को नलवा हलके के गांव भोजराज, दाहिमा, गुंजार और बालावास में आयोजित ग्राम सभाओं को संबोधित कर रही है। ग्रामीणों द्वारा नैना चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया और उनको सुनने लिए सभाओं में महिलाओं की संख्या उल्लेखनीय रही। श्रीमती नैना सिंह चौटाला ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि हरियाणा की महिलाएं चूल्हे, चक्की और घूंघट से निकलकर राजनीति में न केवल अपनी रचनात्मक भूमिका निभाए बल्कि पढ़-लिखकर आर्थिक रूप से मजबूत भी बने। उन्होंने कहा कि वह पहली बार डबवाली से विधायक चुनी गई थी और उसके बाद बाढड़ा की जनता ने उन्हें विधानसभा में भेजा। नैना चौटाला ने कहा कि विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन व भत्ते को कभी भी अपने लिए खर्च नहीं किया और सारी राशि को महिलाओं और बेटियों के उत्थान और उन्हें शिक्षित करने में खर्च किया हैं। जेजेपी उम्मीदवार नैना चौटाला ने राज्य सरकार पर भी हमलावर होते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार से न केवल जनता का विश्वास उठा है बल्कि उनको समर्थन देने वाले विधायक भी उन्हें छोड़-छोड़कर जा रहे है। ऐसे में जाहिर है कि हरियाणा से भाजपा का सफाया होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.