पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 9 मई : हरियाणा में 3 निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापसी के बाद भाजपा की पूर्व सहयोगी पार्टी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने फ्लोर टेस्ट की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने गुरुवार को गवर्नर को पत्र लिखा। चौटाला ने कहा कि अगर बहुमत नहीं तो तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। उन्होंने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग के भी आरोप लगाए। भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार में दुष्यंत साढ़े 4 साल डिप्टी सीएम रहे। इस बीच भाजपा सरकार से समर्थन वापस लेने वाले पुंडरी से विधायक रणधीर गोलन, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और चरखी दादरी से विधायक सोमवीर सांगवान ने गवर्नर को समर्थन वापसी का पत्र सौंप दिया है। दुष्यंत चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की अगुआई वाली कांग्रेस को भी चुनौती दी कि वह गवर्नर को लिखकर फ्लोर टेस्ट की मांग करें। पत्र के बारे में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जेजेपी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने जानकारी दी कि प्रदेश की भाजपा सरकार अल्पमत में है और संविधान के मुताबिक राज्यपाल तुरंत विधानसभा सत्र बुलाकर फ्लोर टेस्ट करवाएं। दुष्यंत चौटाला ने स्पष्ट किया कि जेजेपी मौजूदा सरकार का समर्थन नहीं करती है और खुले तौर पर इस भाजपा प्रदेश सरकार को बदलने के पक्ष में हैं। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में दो महीने पहले बनी नई सरकार आज अल्पमत में है क्योंकि सरकार को समर्थन करने वाले दो विधायक पहले इस्तीफा दे चुके है और इसके बाद सदन में सदस्यों की संख्या 90 में से 88 रह गई है, इनमें बीजेपी के 40, कांग्रेस के 30, जेजेपी के 10, हलोपा और इनेलो के 1-1 और 6 निर्दलीय विधायक शामिल है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब तीन निर्दलीय विधायकों के सरकार से समर्थन वापसी के बाद भाजपा सरकार बहुमत खो चुकी है, ऐसे में राज्यपाल अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए हरियाणा सरकार को फ्लोर करवाने का आदेश दें। जेजेपी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि जेजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने पर जेजेपी बाहर से खुलकर अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों को स्पष्ट करना चाहिए कि वे विश्वास खो चुकी भाजपा सरकार को बदलना चाहती है या नहीं? अगर परिवर्तन चाहते है तो कांग्रेस को राज्यपाल को पत्र लिखने के लिए कदम उठाना चाहिए।

Leave a Reply