जेजेपी प्रत्याशी नैना चौटाला ने उकलाना व उचाना में किया प्रचार
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 13 मई : जननायक जनता पार्टी की हिसार लोकसभा से प्रत्याशी नैना चौटाला ने उकलाना व उचाना हलके में चुनाव प्रचार किया। उकलाना के बालक गांव में ग्राम सभा संबोधित करने पहुंची जेजेपी प्रत्याशी नैना चौटाला को सुनने सैंकड़ों लोग पहुंचे। इसी तरह सोमवार सुबह उचाना कलां के खटकड़ गांव में भी नैना चौटाला ने कई जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि जननायक स्वर्गीय चौ देवीलाल ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने गांव-देहात के लोगों को उनके अधिकार दिलाने का कार्य किया था। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली जेजेपी ने पूर्व गठबंधन सरकार में गांवों के विकास पर खासा फोकस किया था, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के प्रयासों से गांवों में सामुदायिक केन्द्र, खेल स्टेडियम, व्यायामशालाएं, अत्याधुनिक लाइब्रेरी, गलियां व नालियां पक्की, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का निर्माण व सड़कों के विस्तारीकरण के साथ-साथ शमशान घाटों के अंदर शैडो का निर्माण व पानी की समुचित व्यवस्था जैसे अनेक विकास कार्य हुए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों की भारी भीड़ जेजेपी द्वारा करवाए गए विकास कार्यों पर पक्की मुहर लगा रही है और लोकसभा चुनाव में दिल्ली में अपनी मजबूत पैरवी के लिए क्षेत्रवासी जेजेपी के साथ खड़े है। सोमवार को जेजेपी उम्मीदवार नैना चौटाला ने पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के विधानसभा क्षेत्र उचाना कलां में छापड़ा, धनखड़ी, खापड़, कहसून, भोंगरा, बुडायिन, मखंड सहित 16 गांवों में चुनाव प्रचार किया।

Leave a Reply