दो माह पहले किया था प्रेम विवाह, बाइक पर आए बदमाशों ने सात राउंड किए फायर
पाठकपक्ष न्यूज
हांसी, २४ जून : गोलियों की गूंज से एक बार फिर हांसी शहर दहल उठा। दिन-दिहाड़े सुबह साढ़े 9 बजे के करीब दो युवकों ने उमरा रोड पर स्थित लाला हुकम चंद जैन पार्क में बैठे युवक-युवती की गोलियां मार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है दोनों ने 2 माह पहले ही लव मैरिज की थी। बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और करीब 7 राउंड फायर कर दोनों की हत्या के बाद मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर एसपी मकसूद अहमद, डीएसपी धीरज कुमार, एफएसएल की टीम सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। मौके पर पहुंच कर पुलिस की टीम ने पार्क को पूरी तरह से खाली करवा कर पार्क को सील कर दिया। मृतकों की पहचान नारनौंद के बड़ाला गांव का रहने वाले तेजवीर और हांसी के सुल्तानपुर गांव की रहने वाली मीना के रूप में हुई है। दोनों ने 2 महीने पहले ही शादी की थी। तेजवीर नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था।
दो युवकों को गोलियां मारकर भागते देखा गया
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि दोनों ने 22 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शादी की थी। दोनों आपस में रिश्तेदार थे। परिवार के लोग इस बात से नाराज थे। मौके से 7 खोल बरामद हुए हैं। शरीर पर 4 से 5 गोलियों के निशान दिख रहे हैं। बाकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चलेगा। सीआईए की टीमें जांच कर रही हैं। अभी कोई सीसीटीवी फुटेज सामने नहीं आया है। प्राथमिक जांच में यही सामने आया है दो युवकों को गोलियां मारकर भागते हुए देखा गया है। जो खोल मिले हैं 2 हथियारों के हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हत्या में 2 हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। अभी सिर्फ लड़के के परिवार के लोग आए हैं। लड़की के परिवार के लोगों से पूछताछ के लिए टीम सुल्तानपुर गांव में भेजी गई है।
लड़की के परिजनों पर शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मीना अपने पति तेजबीर के मामा के साले की लड़की है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। 2 महीने पहले दोनों घर से भाग गए थे। इससे मीना के घरवाले काफी नाराज थे। पुलिस को शक है मीना के परिजनों ने ही रिश्तेदारी में बदनामी के डर से ही हत्या करवा दी। डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि दोनों की डेडबॉडी पार्क में पड़ी हुई थी। मौके से एक चाबी मिली है। देखने में यह बाइक की लग रही है। अभी यह नहीं पता कि वह इनकी ही है या नहीं। परिवार से पूछताछ के बाद वाहन का पता चल पाएगा।
पार्क को किया सील
पुलिस ने डबल मर्डर के बाद पार्क खाली करवा बंद कर दिया है। अंदर किसी को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लड़के के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे है। लड़की के परिजन अभी तक नहीं आए हंै। पुलिस शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप देगी।

Leave a Reply