पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 8 जुलाई : ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आवेदकों को 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर कनेक्शन अविलंब उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। श्री रणजीत सिंह चौटाला सोमवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में प्रदेशभर से आए बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुन उनका निदान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर माह की 5 तारीख को बिजली पंचायत आयोजित की जाएगी। इस दौरान कन्नौह गांव के ग्रामीणों द्वारा की गई एक शिकायत पर बाडोपट्टïी बिजली विभाग के एसडीओ संदीप के तबादले तुरंत करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाडवा ग्राम पंचायत द्वारा रखी गई शिकायत का समाधान करते हुए ढाणियों में बिजली उपलब्ध करवाने के लिए बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चौधरीवास गांव की 15 से 20 ढाणियों में पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने को लेकर त्वरित आधार पर कार्यवाही करने के लिए कहा। ऊर्जा मंत्री के समुख उमरा, मिर्जापुर तथा कई अन्य गांवों के ग्रामीणों द्वारा रखी गई शिकायत पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो बिजली के पोल स्थापित किए गए हैं, उन पर तुरंत बिजली की लाइन बिछाकर लोगों को बिजली उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। धांसू गांव के ग्रामीणों द्वारा भी बड़ा ट्रांसफार्मर स्थापित करवाने की मांग की, जिस पर ऊर्जा मंत्री ने इस समस्या का भी समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग, पूर्व राज्यसभा सांसद जनरल डीपी वत्स, पूर्व मेयर गौतम सरदाना, जिला महामंत्री अशोक सैनी, सीनियर डिप्टी मेयर अनिल मानी, भाजपा नेता प्रवीण पोपली, रवि सैनी, प्रवीण पोपली, महावीर प्रसाद, महिपाल, बहादुर सिंह नंगथला, ओमवीर सिंह, प्रद्युमन जोशीला नलवा सहित बिजली व अन्य विभागों के अधिकारी व क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों की शिकायत पर गांव बाडोपट्टïी एसडीओ संदीप के तबादले के दिए निर्देश

Leave a Reply