पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 24 जुलाई : आम आदमी पार्टी के द्वारा 26 जुलाई शुक्रवार को बरवाला हल्के में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उपस्थित होंगे और साथ ही हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद सुशील गुप्ता, पार्टी नेता अनुराग दंड सहित अन्य नेता शामिल होंगे। यह रैली बरवाला की नई अनाज मंडी में आयोजित की जायेगी। इस बारे में जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव डॉ. सीपी गुप्ता ने बताया की यह रैली बरवाला के इतिहास की आज तक की सबसे बड़ी रैली होने जा रही है और इसी के साथ आम आदमी पार्टी हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर अपना चुनावी बिगुल बजा देगी। इस मौके पर पार्टी के सचिव बीएल शर्मा, बरवाला ब्लॉक अध्यक्ष मास्टर सतपाल व उकलाना से नरेन्द्र भी उपस्थित थे। खास बात ये थी कि बरवाला से टिकट की चाह रखने वाले सभी नेता इस पत्रकार वार्ता में उपस्थित रहे और पार्टी की एकता का सुबूत दिया। पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. गुप्ता ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने जेल में रहते हुए हरियाणा के लिए पांच गारंटियां भेजी हैं और उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने हाल ही में यह पांच गारंटी है प्रदेश को समर्पित की हैं। पार्टी की पांच गारटियों में 24 घंटे बिजली, गरीबों को 300 यूनिट तक फ्री बिजली, महिलाओं को फ्री बस सेवा, 1000 महीना की सहायाता, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन तथा युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के खाली पड़े पदों को भरने की गारंटी शामिल है। आम आदमी पार्टी महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष वीणा कतीरा ने इस मौके पर कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली में महिलाओं के सम्मान को आगे रखते हुए सबसे पहले महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा की घोषणा की और उसे लागू किया। पार्टी के जिला अध्यक्ष रविन्द्र श्योराण ने कहा कि 26 जुलाई की रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी के नेता व कार्यकताओं ने गांव-गांव तक जनसंपर्क अभियान चलाया है और इस रैली को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी के बरवाला ब्लॉक हिसार खंड के अध्यक्ष व पूर्व सरपंच शक्ति सिंह ने कहा कि आज भाजपा भ्रष्टाचार में डूबी है और कांग्रेस में गुटबाजी हावी है।

Leave a Reply