पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 23 अगस्त : श्रीहरियाणा कुरुक्षेत्र सनातन धर्म हनुमान मंदिर ट्रस्ट, नागोरी गेट के तत्वाधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 26 अगस्त को सायं 6 बजे से बड़ी धूमधाम से सनातन धर्म हनुमान मंदिर, नागोरी गेट के प्रांगण में मनाया जाएगा। महेात्सव में अनुज शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा एवं बंगाल से आये हुए कारीगरों द्वारा निर्मित, भव्य एवं मनमोहक झांकियों द्वारा भगवान की विभिन्न लीलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के प्रधान कैलाश चौधरी एडवोकेट, सचिव मधुसूदन गुप्ता व महोत्सव प्रबंधक रामबाबू अग्रवाल सीए ने संयुक्त बयान में बताया कि इस अवसर पर गणेशजी की झांकी, राधा कृष्ण जुगलकिशोर की झांकी के साथ-साथ मंदिर हाल में भारत के अति विशिष्ट व विश्व प्रसिद्ध आचार्य, महान लेखक, गणितज्ञ, वैज्ञानिक, आयुर्वेदाचार्य जैसे चाण्क्य, कालीदास, आर्य भट्ट, बाणभट्ट, ब्रह्म गुप्त, डॉ. विश्वेश्वरैया, डॉ. जगदीश चंद्र बोस, डॉ. सी.वी.रमन, गुरुदेव रविन्द्र नाथ टैगोर के साथ श्रृंगार युक्त झूले में लड्डू गोपाल व बाल रुप में कृष्णजी द्वारा बंदरों को मक्खन लुटाना व बाल रुप में कृष्णजी द्वारा राक्षस बकासुर का वध और भगवान भोलेनाथ का श्रीकृष्ण स्वरुप में श्रृंगार की झांकियों को प्रस्तुत किया जाएगा। कैलाश चौधरी व रामबाबू अग्रवाल ने बताया कि 26 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के साथ-साथ 31 अगस्त को श्रीकृष्ण छट् का उत्सव व 11 सितम्बर को श्रीराधाष्टमी का मनोहारी उत्सव भी मंदिर प्रांगण के गिन्नीदेवी स्मृति भवन हाल में सायं 7 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक हर्षोल्लास के साथ मनाये जाएंगे जिसमें नगर के प्रमुख भजन गायक व संकीर्तन मंडलियां भी भाग लेंगी। स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही वृंदावन के प्रसिद्ध भजन गायक पवन कुमार बृजवासी अपने साथियों के साथ राधा रानी की स्तुति करेंगे। कैलाश चौधरी व रामबाबू अग्रवाल सीए ने नगर वासियों से अनुरोध किया है कि 26 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर भगवान की मनमोहक झांकियों के दर्शन कर धर्म लाभ उठाएं तथा 31 अगस्त को श्रीकृष्ण छट उत्सव व 11 सितम्बर को श्रीराधाष्टमी उत्सव में भाग लेकर अक्षय पुण्य की प्राप्ति करें।
Leave a Reply