पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 19 जून : आदमपुर हलके की राजनीतिक चर्चा में बालसमद के नंबरदार व प्रदेश कांग्रेस के भूतपूर्व संगठन सचिव कुरड़ाराम नंबरदार (66) का नाम आना इसलिए आवश्यक हो जाता है कि वे लगभग 40 वर्ष से राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। सन 2000 में उन्होंने हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर चौधरी भजन लाल के खिलाफ चुनाव लड़ा और चर्चा में आ गए थे। उन्होंने हविपा के अनेक पदों पर कार्य किया और चौ. बंसीलाल के विश्वस्त बने रहे। बाद में हविपा का कांग्रेस में विलय हो गया था। 2022 में उन्होंने आदमपुर उपचुनाव इनेलो के टिकट पर लड़ा और तीसरे स्थान पर रहे।
इस क्षेत्र में नहरी पानी लाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। 2018 में वे सरकार से लगभग 400 करोड़ की जल योजना स्वीकृत कराने में सफल रहे। एक प्रगतिशील कृषक होने के कारण उन्होंने संयुक्त जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष के नाते इस कार्य के लिए महत्वपूर्ण सफल भूमिका निभाई। बालसमंद हलके का सबसे बड़ा गांव है। इसलिए सभी प्रमुख गतिविधियों का केंद्र बना रहता है। आजकल कुरड़ाराम नंबरदार इस प्रयास में हैं कि कांग्रेस पार्टी उन्हें अगले विधानसभा चुनाव में आदमपुर से प्रत्याशी बना दे। पिछले उपचुनाव में जय प्रकाश, दूसरे स्थान पर रहे। अब जयप्रकाश चूंकि सांसद बन चुके है। इसलिए इनकी उम्मीद ज्यादा बढ़ गई है। उनके दादा तोताराम गांधीगिरी विचारधारा के स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने जैलदार के रूप में क्षेत्र की सेवा की थी।
Leave a Reply