सोशल मीडिया की निगरानी पर संबंधित टीमें रखें विशेष फोकस : जिला निर्वाचन अधिकारी

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 12 मई : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सोशल मीडिया की निगरानी टीमों के अधिकारी सोशल मीडिया पर विशेष फोकस रखें, सोशल मीडिया पर आने वाले विज्ञापनों का खर्चा भी संबंधित उम्मीदवार या पार्टी के खाते में जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अखबार, टेलीविजन व रेडियो की तरह सोशल मीडिया पर भी चुनाव के दौरान प्रचार किया जाता है, जिस पर राशि खर्च होती है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जिले में गठित टीमें लोकसभा आम चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखें और किसी भी तरह का विज्ञापन मिलने पर उसकी रिपोर्ट खर्च के ब्यौरे सहित खर्चा निगरानी टीम को देना सुनिश्चित करें। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित उम्मीदवार या पार्टी के खाते में उस विज्ञापन का खर्चा जोड़ दिया जाएगा। लोकसभा आम चुनाव के दौरान सोशल मीडिया की निगरानी बहुत जरूरी है। सोशल मीडिया पर भी कई बार चुनाव के दौरान यूट्यूब वीडियो प्लेटफॉर्म आदि पर उम्मीदवार व पार्टी चुनाव का प्रचार करते हैं। निगरानी टीम को यदि ऐसे चैनल या वीडियो मिलते हैं जो किसी प्रत्याशी या राजनीतिक दल का समर्थन करते हो या जाति, धर्म विशेष के पक्ष में या कोई भ्रामक सामग्री दर्शाते हो या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हों तो उस स्थिति में संबंधित यूट्यूब चैनल चलाने वाले के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवाकर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.