हिसार, फरवरी : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकसभा में दिए गए वक्तव्य का स्वागत करते हुए इस बात पर पूर्ण विश्वास जताया कि आगामी लोकसभा चुनाव में देश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत होगी। उन्होंने कहा कि आज देश में कोई भी ऐसी पार्टी नहीं है जो भाजपा को टक्कर दे सके। कांग्रेस पार्टी अपने सिद्धांतों और मूल उद्देश्यों से भटक गई है और यही कारण है कि हर चुनाव दर चुनाव कांग्रेस रसातल की ओर जा रही है। इसका एक ही कारण है कांग्रेस में जनाधार वाले स्वाभिमानी नेताओं की कोई कद्र नहीं है और धीरे-धीरे ऐसे नेता कांग्रेस को छोड़ चुके हैं और बहुत से नेता ऐसे और भी हैं, जो कांग्रेस में अपने आपको को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। आने वाले समय में ये नेता भी कांगे्रस छोड़ेंगे, क्योंकि कांग्रेस पार्टी अपने अहंकारी रवैए को त्यागकर न तो स्वच्छ विपक्ष की भूमिका ही निभाने को तैयार है और न ही कांग्रेस का भविष्य का कोई रोड मैप है, जिसको देखकर देश की जनता उनके साथ जुडऩे की सोचे। यशस्वी प्रधानमंत्री देश से जुड़े हर बड़े मुद्दे पर न केवल अपनी स्पष्ट विचारधारा रखते हैं, बल्कि समय-समय पर देश की जनता से सीधे संवाद करके उनकी हर छोटी-बड़ी समस्या को लेकर उनसे बात करते हैं। यही कारण है कि आज नरेन्द्र मोदी देश की जनता के दिलों में बस चुके हैं। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि इसमें कोई भी दो राय नहीं है कि नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यव्स्था बनने जा रहा है। देश की जनता ऐसे ही शक्तिशाली और विरले व्यक्तित्व के हाथों में ही देश की बागडोर एक बार फिर से सौंपने का मन बना चुकी है। पूर्व सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक के अपने विज़न को देश की जनता के सामने रख दिया है और विकसित भारत, विश्वगुरू भारत बनाने के उनके सपने का मूर्तरूप देने के लिए पार्टी ने तेजी से काम शुरू भी कर दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस पर अगर नजर दौड़ाई जाए तो कहां नजर आती है। उनके पास न तो देश की जनता के सामने रखने के लिए कोई विज़न है और न ही देश से जुड़े बड़े मुद्दों पर उनका कोई ठोस दृष्टिकोण। आज भारतीय जनता पार्टी अगर चुनाव दर चुनाव जीत रही है तो नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के करिश्माई बदौलत के साथ ही कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, सही रणनीति और मेहनत के बलबूते पर। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो पार्टी 11 वर्षों से अपने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति न कर पाई हो वह कैसे चुनाव जीतने का सोच भी सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या कोई भी अन्य पार्टी लोकसभा चुनाव में पहले से ही हार तय मान चुकी हैं और सभी यह समझ चुके हंै कि 2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पिछली बार से भी ज्यादा सीटों के साथ तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाने जा रही है
मोदी के नेतृत्व में भारत बनेगा दुनिया की तीसरी महाशक्ति-कुलदीप बिश्नोई

Leave a Reply