पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 5 मई : हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह ने इस बार के लोकसभा चुनाव को विचारधाराओं के बीच का चुनाव बताया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा के रूप में एक विचारधारा है जो देशहित, देश को सशक्त व विकसित बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है जबकि दूसरी तरफ वो विचारधारा है जो बिल्कुल इसके विपरीत जाकर केवल नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद से हटाने के लिए चुनाव लड़ रही है।
रणजीत सिंह लोकसभा क्षेत्र के गांव अलेवा में रविवार सुबह ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा के दौरान बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाले दलों का कोई विजन नहीं है, देश व देश के विकास से कोई लेना—देना नहीं है। ऐसे में जनता इस चुनाव में सोच समझकर मतदान करें और इस बात का ध्यान रखें कि हमें देश को आगे बढ़ाना है या विकास को बाधित करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को 400 पार का नारा दिया है, यह नारा इसलिए दिया गया है ताकि देश में मजबूत सरकार बने जो हर फैसला मजबूती के साथ देश की मजबूती के लिए लिया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से वोटों की अपील करते हुए कहा कि वे अपना एक—एक वोट भाजपा के पक्ष में देकर उन्हें कामयाब बनाएं, वे विश्वास दिलाते हैं कि चुनाव में जीत के बाद क्षेत्र के विकास के लिए हर तरह से तत्पर रहेंगे।

Leave a Reply