भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर खिलेगा कमल : कैप्टन

भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर खिलेगा कमल : कैप्टन

अभिमन्युमुख्यमंत्री व प्रदेश प्रभारी सहित वरिष्ठ नेता स्पष्ट कर चुके जजपा से गठबंधन बारे स्थितिखुद को बताया भाजपा का समर्पित सिपाही, पार्टी जो ड्यूटी लगाएगी, वही करने को तत्पर

भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर खिलेगा कमल : कैप्टन अभिमन्यु
मुख्यमंत्री व प्रदेश प्रभारी सहित वरिष्ठ नेता स्पष्ट कर चुके जजपा से गठबंधन बारे स्थिति
खुद को बताया भाजपा का समर्पित सिपाही, पार्टी जो ड्यूटी लगाएगी, वही करने को तत्पर

हिसार। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारियां है। हरियाणा में लोकसभा चुनाव पिछली बार की तरह ही होगा और सभी सीटों पर कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता है और कार्यकर्ता के तौर पर संगठन उन्हें जो भी काम देगा, उसे वे पूरा करेंगे।
कैप्टन अभिमन्यु यहां के सेक्टर 16-17 स्थित इंडस आरपीएस स्कूल में आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जजपा से गठबंधन में चुनाव होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी विप्लब कुमार देब व अन्य वरिष्ठ नेता ऐलान कर चुके हैं कि भाजपा की सभी लोकसभा सीटों पर तैयारियां पूरी है, ऐसे में इस बारे और कुछ कहना बाकी नहीं रह जाता। ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से पूछताछ के बाद गृहमंत्री अनिल विज द्वारा हुड्डा के जेल जाने बाबत दिए बयान पर उन्होंने कहा कि अदालतें व जांच एजेंसियां इस बारे में सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है, जो भी रिजल्ट आएगा, वो उन नेताओं के कर्मों के हिसाब से आएगा, किए कर्म तो भोगने ही पड़ेंगे। लोकसभा चुनाव में खुद की दावेदारी बारे पूछे जाने पर पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित सिपाही है, कश्मीर से कन्याकुमारी तक पार्टी उनकी जो ड्यूटी लगाएगी, वो काम वे करने को तैयार हैं। भाजपा का कार्यकर्ता अपनी उम्मीदवारी नहीं बल्कि चुनाव के दौरान कमल का फूल देखता है।
अयोध्या में सोमवार को होने वाली राम लला प्राण प्रतिष्ठा बारे बात करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भगवान राम को त्रेता युग में मात्र 14 वर्ष का वनवास हुआ था लेकिन कांग्रेस व कुछ सनातन धर्म विरोधी ताकतों के कारण भगवान राम को 550 वर्ष का वनवास भोगना पड़ा है। माननीय अदालत के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष प्रयासों से देश में राम मंदिर बनने का रास्ता साफ हुआ है और अब वह शुभ घड़ी आ चुकी है, जिसका सनातन विचारधारा के लोगों को वर्षों से इंतजार था। उन्होंने कहा कि देशभर में दीवाली जैसा माहौल है, केवल भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी जहां-जहां भारतीय रहते हैं, वहां-वहां सनातनी विचारधारा के लोग खुशी मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में राम लला प्राण प्रतिष्ठा के प्रति दीवाली जैसा माहौल है, हर नागरिक दीवाली मनाने को आतुर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.