लोकतंत्र की सशक्त तस्वीर- उंगली पर नीली लकीर
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 7 मई : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव-2024 के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय हरियाणा सहित जिला प्रशासन मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से हरियाणा राज्य परिवहन की बसें न केवल हरियाणा राज्य बल्कि देश के अन्य राज्यों के मतदाताओं को भी जागरूक करने में मददगार बन रही हैं। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा हरियाणा राज्य परिवहन की बसों पर मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री चस्पा की गई है जो मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक कर रही हैं। इन पोस्टरों में आम जनता से छुट्टी का दिन समझकर घर पर आराम न फरमाइए-मतदान केंद्र पर मतदान करने आइए, लोकतंत्र की सशक्त तस्वीर-उंगली पर नीली लकीर जैसे अनेकों जागरूकता स्लोगन एवं टैगलाइन के माध्यम से मतदान के महत्व एवं अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की जा रही है। बसों पर लगी प्रचार-सामग्री के माध्यम से आमजन को मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 की भी जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा जिले में विभिन्न जगहों पर लगी मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री, सेल्फी प्वाइंट, स्टैंडी, बैनर, होर्डिंग्स आदि मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने के लिए प्रेरित एवं जागरूक कर रहे हैं।
Leave a Reply