सरकार बनने पर बिश्नोई सभा की मांगें पहली कलम से पूरी की जाएंगी : सीएम नायब सिंह सैनी
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 26 अगस्त : स्थानीय बिश्नोई मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोष्टमी उत्सव एवं श्री गुरु जंभेश्वर भगवान के 574वां अवतार दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के संरक्षक एवं बिश्नोई रत्न चौ. कुलदीप बिश्नोई ने की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जंभेश्वर भगवान के दिखाए मार्गों पर चलकर ही आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हंै। आज से साढ़े 500 वर्ष पूर्व ही गुरू महाराज ने जीव व पर्यावरण रक्षा के लिए पूरी दुनिया को चेता दिया था। आज उनके सिद्धांत को पूरी दुनिया मान रही है। उन्होंने कहा कि चौ. भजनलाल के बाद कुलदीप बिश्नोई बिश्नोई समाज को एकजुट रखकर राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व कर रहे हैं और हर समय कुलदीप बिश्नोई मुझे व केन्द्रीय नेताओं को समाज की मांगों व समस्याओं के बारे में अवगत करवाते रहते हैं। आचार संहिता के कारण मैं घोषणा तो नहीं कर पाउंगा, पर मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि आप सबके सहयोग व समर्थन से 4 अक्तूबर के बाद प्रदेश में हमारी तीसरी बार सरकार बनेगी तो कुलदीप बिश्नोई की व बिश्नोई सभा हिसार ने जो भी मांगें रखी हैं, उन्हें मैं पहली कलम से पूरा करूंगा। जिस प्रकार से चौ. भजनलाल को आपने समर्थन व सहयोग देकर राजनीति की ऊंचाईयों तक पहुंचाया था उसी प्रकार आप कुलदीप बिश्नोई को मजबूती से साथ दें। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि कुलदीप बिश्नोई को भारतीय जनता पार्टी में बहुत बड़ा सम्मान मिलेगा। कुलदीप बिश्नोई ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि जिस प्रकार से चौ. भजनलाल हर समय आम जनता की सुनवाई करते थे और उनके हर कार्य को पूरा करने का प्रयास करते थे, उसी प्रकार माननीय मुख्यमंत्री नायब सैनी भी सहजता, सरलता से हर आदमी से मिलकर उनकी समस्याओं को दूर करने का प्रयास करते हैं। एक साधारण कार्यकत्र्ता से मुख्यमंत्री तक पहुंचकर भी नायब सैनी में चौ. भजनलाल की तरह विनम्रता व अपनापन है। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री कमल गुप्ता, विधायक दुडाराम, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल, विधायक लक्ष्मण नापा, पूर्व डीजीपी एल.आर. बिश्नोई., प्रधान जगदीश कड़वासरा ने भी संबोधित किया। इस दौरान डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक विनोद भ्याणा, रणधीर पनिहार, एच.ए.यू. के कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद डी.पी. वत्स, पूर्व मंत्री प्रो. छत्रपाल, गौतम सरदाना, शकुंतला राजलीवाला, नरेश जांगड़ा, ओमप्रकाश जांगड़ा, सुभाष जांगड़ा, अजय जांगड़ा, बलदेव खोखर, सुभाष देहडू, राजाराम खिचड़, भाजपा जिला प्रधान अशोक सैनी, रवि सैनी, सहदेव कालीराणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।
Leave a Reply