ओपी जिंदल माईनर के विस्तार को लेकर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने ली विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 15 जुलाई : ओपी जिंदल माईनर के विस्तारीकरण को लेकर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में एक बैठक का आयोजन हुआ है। बैठक में उपायुक्त प्रदीप दहिया, जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता विमल कुमार बिश्नोई, लीड बैंक मैनेजर, कार्यकारी अभियंता संदीप माथूर, सहित संंबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। रणबीर गंगवा ने इस विकास परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत होने के उपरांत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 25 अगस्त तक हर हाल में ओपी जिंदल माईनर के विस्तारीकरण का निर्माण कार्य शुरू करवाना सुनिश्चित करें। यह विकास परियोजना जनहित से जुड़ी हुई है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी से कहा कि इस परियोजना के विस्तारीकरण को लेकर जमीन अधिग्रहण का कार्य आगामी 10 दिनों के अंदर पूरा करवाएं ताकि सिंचाई विभाग के अधिकारी अविलंब विकास परियोजना का निर्माण कार्य शुरू करवा सकें। उन्होंने कहा कि ओपी जिंदल माईनर के विस्तारीकरण को लेकर लोगों से वादा किया था। इस वायदे को पूरा करने के लिए काफी दिनों से ठोस सकारात्मक प्रयास किए जा रहे थे जो अब सफल होने वाले हैं। आगामी 25 अगस्त तक इस परियोजना का निर्माण कार्य हो जाएगा, जिस पर लगभग 1 करोड़ 40 लाख रूपये की धनराशि खर्च की जाएगी। इस माईनर का विस्तार होने से हजारों किसानों को खेतों के लिए सिंचाई पानी उपलब्ध होगा।

Leave a Reply