पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 21 अगस्त : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गठित मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) विज्ञापनों और पेड न्यूज पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक विज्ञापनों एवं पेड न्यूज का खर्चा एक्सपेंडिचर कमेटी के माध्यम से प्रत्याशियों के खातों में जोड़ा जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों द्वारा भारतीय चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मीडिया सर्टिफिकेशन एण्ड मॉनिटरिंग कमेटी के दिशा निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करना सुनिश्चित करें। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दिए जाने वाले विज्ञापन तथा अन्य संदेशों का प्री-सर्टिफिकेशन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अथवा उसके प्रत्याशी द्वारा चुनाव में जारी होने वाले विज्ञापन की पूर्व अनुमति एमसीएमसी कमेटी से ली जानी अनिवार्य है। चुनाव में प्रत्याशियों की पेड न्यूज पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी और यदि पेड न्यूज का कोई मामला संज्ञान में आता है तो उस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दूरसंचार कंपनियों को चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों अथवा प्रत्याशियों द्वारा बल्क टेक्स्ट और वॉयस मैसेज प्रसारण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन की अनुपालना करने तथा इनकी जानकारी एममसीएमसी को देने के निर्देश भी दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन के दौरान प्रकाशित एवं प्रसारित होने वाले संभावित फेक न्यूज पर भी एमसीएमसी कड़ी निगरानी रखेगी और नियमानुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि पैंफलेट, पोस्टर आदि पर उसके मुद्रक व प्रकाशक का नाम प्रकाशित करवाना अनिवार्य है। जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) गठित की गई है, जिसमें उपमंडल अधिकारी (ना.) जगदीप सिंह, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी ज्योति, फील्ड पब्लिक असिस्टेंट दौलत राम, ऑल इंडिया रेडियो से प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव पवन कुमार सदस्य रहेंगे। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अमित पंवार कमेटी के सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे।
अफवाहों से सावधान रहें मतदाता, इंटरनेट सेवाओं पर जिला प्रशासन की रहेगी कड़ी निगरानी
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 21 अगस्त : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक समाचार व सामाजिक वैमनस्य पैदा करने की कोशिशों से सावधान रहें। सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से कोई व्यक्ति अफवाह फ़ैलाने की हरकत करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान हिसार, हांसी, नलवा, आदमपुर, बरवाला, नारनौंद एवं उकलाना विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर कई टीमें एक्टिव मोड में रहेंगी। इसलिए शांति पूर्वक चुनाव संपन्न करवाने में आम नागरिक जिला प्रशासन का सहयोग करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ-साथ आमजन से भी ये अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार से भ्रामक, आपत्तिजनक या विवादित पोस्ट न डालें। कोई भी प्रचार सामग्री पोस्ट करने से पहले से उसको भली-भांति पढ़ लें। चुनाव आयोग व जिला प्रशासन की सोशल मीडिया और इंटरनेट सेवाओं पर पूरी नजर है। यदि कोई सोशल मीडिया पर गैर जिम्मेदाराना पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के संदर्भ में नागरिक सी-विजिल एप व टोल फ्री नंबर 1950 पर अपनी शिकायत रख सकते हैं।

Leave a Reply