पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 16 मई : सीकर के सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे विकसित भारत, राष्ट्र संस्कृति को बचाने व गौरवशाली भारत बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने कहा कि तीसरी बार मोदी सरकार के संकल्प को पूरा करने में हर नागरिक अपना सहयोग दें। स्वामी सुमेधानंद सरस्वती वीरवार को हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह के पक्ष में प्रचार अभियान चला रहे थे। उन्होंने बरवाला विधानसभा क्षेत्र के गांव खेड़ी बर्की, बहबलपुर, धिकताना व बाडो पट्टी का दौरा किया और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने पार्टीजनों के साथ बैठक करके चुनाव की रणनीति बनाई और जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने भारतीय संस्कृति बचाने व उनका जीर्णोद्धार करने का महान कार्य किया है। पूर्व की कांग्रेस सरकार का न तो भारतीय संस्कृति पर ध्यान था और न ही हमारी आस्था के केन्द्रों को तवज्जो दी गई। ऐसे में हमें भली-भांति समझना व जानना होगा कि किस पार्टी का साथ देकर हम हमारी संस्कृति व आस्था के केन्द्रों को जिंदा रख सकते हैं। उन्होंने कहा की विपक्षी दल कांग्रेस के पास राष्ट्र निर्माण का कोई विजन नहीं है। वह हिंदुओं को जातियों में बांटकर वोट लेना चाहती है जो अब संभव नहीं होगा क्योंकि हिंदू जाग चुका है।

Leave a Reply