सिटी थाना के निकट दिन-दहाड़े दर्जनों राउंड फायर कर फिरौती मांगना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान : हनुमान ऐरन

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 25 जून :  पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हनुमान ऐरन ने हिसार के महिन्द्रा शोरूम पर बदमाशों द्वारा दर्जनों राउंड फायर कर फिरौती मांगने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में कानून व्यवस्था का दिवाला निकल चुका है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि सिटी थाना से महज कुछ मीटर की दूरी पर ही दिन-दहाड़े बदमाश फिरौती की मांग करते हुए न केवल बेखौफ होकर शोरूम पर गोलियां दागते हैं बल्कि वहां से साफ बचकर निकल भी जाते हैं। गनिमत यह रही कि इसमें किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हनुमान ऐरन ने कहा कि शहर के अति व्यस्त एवं मुख्य मार्ग तथा सिटी थाना व ऑटो मार्केट के बिल्कुल नजदीक इस तरह की वारदात को अंजाम देना दर्शाता है कि अपराधियों के मन में काूनन का किसी तरह कोई का डर नहीं है। शहर में आए दिन चोरी, डकैती, लूट-मार की घटनाएं होती ही रहती हैं। बदमाश खासतौर पर व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं और व्यापारियों से फिरौती मांगने की अनेक घटनाएं सामने आ चुकी है। इसके बावजूद भी इन घटनाओं पर कोई नियंत्रण कर पाने में सरकार व पुलिस प्रशासन नाकाम रहे हैं जो कि कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। हनुमान ऐरन ने कहा कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द इन अपराधियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करे तथा अपराधिक तत्वों पर मजबूत शिकंजा कसे नहीं तो शहर के व्यापारी एकजुट होकर इस बारे में कोई कड़ा व बड़ा फैसला लेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.