हिसार की जनता ने सेवा का मौका दिया तो बदलेंगे राजनीति के मायने : हनुमान ऐरन
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 2 अगस्त : नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन हनुमान ऐरन व उनकी पत्नी रेखा ऐरन ने हिसार विधानसभा सीट से दावेदारी ठोक दी है और उन्होंने इसके लिए आवेदन भी भर दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने एक निजी रेस्टोरेंट में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। हनुमान ऐरन ने कहा कि पिछले 10 साल में भाजपा ने हरियाणा को बहुत पीछे धकेल दिया है। हरियाणा बेरोजगारी व अपराध में नंबर वन बन चुका है। युवा रोजगार नहीं मिलने की वजह से नशे की ओर बढ़ रहे हैं और आज हरियाणा के हालात पंजाब जैसे हो गए हैं। अपराध के मामले में हरियाणा ने यूपी व बिहार को पीछे छोड़ दिया है। लंबे समय से प्रदेश के लोग विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे थे अब उन्हें अवसर मिलते ही भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का काम करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी। रेखा ऐरन ने शहर की समस्याएं गिनवाते हुए कहा कि शहर के विधायक व भाजपा नेता बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं लेकिन उनके सभी दावे व वादे फेल साबित हुए हैं। प्रोपर्टी आईडी को लेकर शहर के लोग अब भी परेशानियां झेल रहे हैं और उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के बड़े-बड़े दावे कई बार किए जा चुके हैं लेकिन आज भी बेसहारा पशुओं का शिकार आमजन हो रहे हैं और उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है। हनुमान ऐरन ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी व हिसार के लोगों ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो वे दिखाएंगे की विधायक का काम क्या होता है। उनके ऑफिस व घर के दरवाजे शहर के लोगों के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे वर्तमान विधायक की तरह केवल निर्धारित समय के लिए नहीं। शहर के किसी भी निवासी की कोई भी समस्या हो वह किसी भी समय हमारे पास आकर रख सकेगा। उन्होंने कहा कि हम राजनीति में एक उदाहरण पेश करेंगे और राजनीति के मायने बदलने का काम करेंगे। यदि हमें एक बार मौका सेवा का मिलता है शहर की तस्वीर को पूरी तरह से बदलने का काम किया जाएगा।

Leave a Reply