हिसार। दि रेवेन्यू पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन जिला हिसार द्वारा मांगों को लेकर वीरवार को भी सांकेतिक कार्य बहिष्कार करते हुए जिला मुख्यालय पर 16वें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। धरना की अध्यक्षता सतपाल सिंह प्रधान हांसी ने की तथा मंच का संचालन पूर्व जिला सचिव बलबीर सिंह झाझडिय़ा व गुरुदेव शर्मा ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जिला प्रधान आजाद सिंह बिश्रोई ने कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगों को नहीं मानेगी तब तक यह धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस धरने के लिए पूर्ण रूप से प्रदेश सरकार जिम्मेवार है। उन्होंने कहा कि सरकार को हमारी बात सुननी पड़ेगी। जिला प्रधान ने कहा कि आंदोलन के कारण आम जनता को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए सरकार को अपना वादा निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पटवारी व कानूनगो की मांगें पिछले काफी समय से लंबित हैं, जिसे तुरंत पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार की हठधर्मिता को देखते हुए एसोसिएशन ने सरकार को चेताने के लिए 19 जनवरी को रोष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर 4 से लेकर लघु सचिवालय तक रोष प्रदर्शन कर उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन सर्व कर्मचारी संघ के साथ मिलकर किया जाएगा।
जिला सचिव विकेश कुमार ने कहा कि एसोसिएशन की मांगों में मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार जनवरी 2016 से 32100 रुपए वेतनमान लागू किया जाए, प्रदेश में पटवारियों के रिक्त पड़े पदों को स्थाई भर्ती से भरा जाए, ट्रेनिंग को ड्यूटी समय में शामिल किया जाए, पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए, जब तक नई भर्तियां नहीं होती तब तक जिस पटवारी को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है उसे अन्य राज्यों की तर्ज पर वेतन व भत्ते दिए जाएं आदि मांगें शामिल हैं, जिनको सरकार तुरंत पूरा करे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के 16 दिन बाद भी हठधर्मी सरकार की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी है। सरकार को जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है।
आज रिटायर्ड आईएएस एवं कांग्रेस नेता चंद्रप्रकाश ने धरना का अपना समर्थन दिया और धरना को संबोधित करते हुए कहा कि पटवारी एवं कानूनगो की मांगें जायज हैं, जिनको सरकार को बिना किसी देरी के पूरा करना चाहिए और खाली पड़े पटवारी के पदों को स्थाई भर्ती से भरना चाहिए। इस दौरान किसान नेता सतबीर सिंह रूहिल व सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान ओमप्रकाश माल ने एसोसिएशन की मांगो को जल्द ही पूरा करने की सरकार से अपील की ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस अवसर पर सुभाष दफ्तर कानूनगो, रामकुमार कानूनगो, सुरेश कुमार, अजित सैनी, विक्रम व राम सिंह पटवारी सहित जिले के राजस्व विभाग के समस्त पटवारी व कानूनगो उपस्थित रहे।
Leave a Reply