हिसार, 20 फरवरी : वरिष्ठ कांग्रेस-किसान नेता एवं पूर्व चेयरमैन जिला परिषद हिसार डॉ. राजेन्द्र सूरा ने कहा है कि केन्द्र व हरियाणा की भाजपा सरकार किसान व मजदूर विरोधी साबित हुई है, पिछले लगभग एक सप्ताह से किसान व मजदूर शान्तिप्रिय व अनुशासन में रहकर अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकार उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं कर रही, उल्टा शान्तिप्रिय ढंग से आंदोलन कर रहे किसानों पर आंसू गैस छोड़कर व रबड़ की गोलियां दागकर उन्हें प्रताडित करने का काम कर रही है। सड़कों पर दिवार बनाकर, कीलें लगाकर, अन्नदाता का रास्ता रोककर, इंटरनेट बंद करके जनता के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
उन्होंने हल्का बरवाला के विभिन्न गावों में घर-घर कांग्रेस, हर-घर कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा की केन्द्र व हरियाणा सरकार किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है जबकि पूर्व में रही कांग्रेस की केन्द्र सरकार व भूपेन्द्र हुड्डा की अगुवाई वाली हरियाणा सरकार ने हर साल फसलों का एमएसपी बढ़ाकर व मनरेगा कानून बनाकर किसान व मजदूर के हितैषी होने का सुबूत दिया था।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में हुड्डा सरकार ने गन्ने का भाव सर्वाधिक किया।
कांग्रेस की सरकार में गेंहू व धान ही नहीं प्रत्येक फसल के दामों में ढाई से तीन गुणा (150-200 प्रतिशत) की बढ़ोतरी की लेकिन भाजपा सरकार में मुश्किल से 50 प्रतिशत का ही इजाफा हुआ है, जबकि इस दौरान खेती की लागत में कई गुणा बढ़ोतरी हो चुकी है। खेती व खेती से जुड़े उपकरणों पर कई तरह के टैक्स लगा दिये गये हैं। भाजपा सरकार पूर्ण रुप से किसान व मजदूर विरोधी साबित हुई है। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों व मजदूरों की सभी मांगों को पूरा करने की बात कही है।

Leave a Reply