हिसार, 29 फरवरी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व जनसेवक अशोक मंगालीवाला ने समर्थकों, कार्यकर्ताओं व अन्य गणमान्य लोगों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में बैठक करके उत्साह का संचार किया। उन्होंने अपनी योजनाओं व विचारधारा से भी अवगत करवाया। मंगालीवाला ने हिसार जिले के विकास से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। मंगालीवाला ने बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई व बेरोजगारी का बोलबाला है। प्रदेश के शिक्षित व योग्य युवा नौकरी व रोजगार के लिए परेशान हैं लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। इसी भांति महंगाई की दर नियमित रूप से बढ़ रही है। आम आदमी के लिए तो जीना दूभर हो गया है। अशोक मंगालीवाला ने कहा कि किसानों को खेती के लिए न तो पर्याप्त मात्रा में पानी मिल रहा है और न ही बिजली की समुचित सप्लाई की जाती है। इतना ही नहीं तपती गर्मी व कड़कती ठंड में मेहनत करने के बाद खेतों से मिलने वाली उपज की उसे पर्याप्त कीमत तक नहीं मिल पाती है। मंगालीवाला ने कहा कि यदि महंगाई व बेरोजगारी से निजात पानी है और खुशहाल जीवन व्यतीत करना है तो जनता को कांग्रेस को ही चुनना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जता रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एवं भारत न्याय यात्रा से लाखों देशवासी जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से कांग्रेस ही जीत का परचम लहराएगी और स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी।
Leave a Reply