हिसार, 18 मार्च : हिसार मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ एम. रवि किरण ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर हिसार मंडल में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। मंडल पुलिस शान्तिपूर्वक चुनाव सम्पन्न करवाने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि मण्डल पुलिस संवेदनशील स्थानों पर नजर रखे हुए है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सभी मतदान केंद्रों व मतदान सामग्री की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। यदि जरूरत पड़ी तो केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की टुकड़ी भी तैनात की जाएगी। इसके साथ-साथ मण्डल पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों की मैपिगं भी करवाई जा रही है। एडीजीपी ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 को निष्पक्ष व शान्तिपूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए मण्डल पुलिस द्वारा व्यापक प्रबंध किये जा रहे है। किसी भी व्यक्ति को निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना करने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव निर्बाध व शान्तिपूर्वक सम्पन्न करवाने के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए है।
आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए मंडल पुलिस द्वारा किए जा रहे है आवश्यक सुरक्षा प्रबंध : एडीजीपी

Leave a Reply