ट्रांसफार्मर से टकराई बाइक, दो छात्रों की मौत

हिसार, 20 मार्च : कैंप चौक के पास एक बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे में चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी समेत दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान सिरसा के गांव खेड़ी निवासी समीर सहारण और राजस्थान के बहरोड निवासी कौशल दीप के रूप में हुई है। कौशल दीप एलपीयू यूनिवर्सिटी पंजाब का छात्र था। पुलिस ने परिवार वालों को हादसे की सूचना देकर हिसार बुलाया है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। पुलिस के मुताबिक सिरसा खेड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय समीर सहारण एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। वह परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है, जोकि गोवा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।  समीर के चाचा राजवीर का कहना है कि उनका भतीजा विदेश जाना चाहता था। छात्र समीर की मौत की सूचना मिलने पर एचएयू के टीचर्स नागरिक अस्पताल में पहुंचे और घटनाक्रम के बारे में परिजनों व अन्य विद्यार्थियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि समीर पढ़ाई में होशियार था और हॉस्टल में भी सभी साथियों के साथ हसमुख रहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.