लोकसभा चुनाव को लेकर गठित विभिन्न टीमों की बैठक लेकर एसडीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पाठकपक्ष न्यूज
हांसी, 2 अप्रैल : एसडीएम एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी मोहित महराणा ने चुनावी कर्मियों को निर्देश दिए कि वे चुनावी ड्यूटी को पूरी कर्तव्य और निष्ठा के साथ निभाना सुनिश्चित करें। अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की देरी व लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। श्री महराणा मंगलवार को संयुक्त कार्यालय परिसर में लोकसभा चुनाव को लेकर गठित विभिन्न टीमों की एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़े और जो भी चुनाव संबंधी कार्य सौंपा जाए उसे निर्धारित समय अवधि के अंदर पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में वीडियो व्यूइंग टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम एवं फ्लाइंग स्क्वायड टीम के सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सभी टीम आपसी तालमेल स्थापित करें ताकि हर कार्य निर्बाध तरीके से पूरा हो।
सी विजिल ऐप पर दर्ज सभी शिकायतों का हुआ समाधान
एसडीएम एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी ने कहा कि अब तक सभी टीमों ने अच्छा कार्य किया है। सी विजिल ऐप पर अब तक 14 शिकायत दर्ज हुई है उन सभी का समाधान निर्धारित समय अवधि में कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि टीम इसी प्रकार से कार्य करते हुए चुनाव संबंधी कार्यों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि संयुक्त कार्यालय परिसर की दूसरी मंजिल पर चुनाव कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा चुका है। इस कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 01663- 254210 है। पुलिस विभाग द्वारा भी पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। जो 24 घंटे संचालित किया जा रहा है डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि इस कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 88130-89302 है, साथ ही उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी चुनाव संबंधी शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं। इस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाने के बाद 7 मिनट से भी कम समय के अंदर पुलिस संबंधित स्थल पर पहुंच जाएगी।
इस अवसर पर डीएसपी धीरज कुमार, तहसीलदार अनिल कुमार, निर्वाचन कानूनगो गुरुदेव सहित वीडियो व्यूइंग टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम एवं फ्लाइंग स्क्वायड टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
हल्के की सीमाओं पर रखे नजर
सहायक रिटर्निग अधिकारी ने संबंधित चुनावी टीमों को निर्देश दिए कि हल्के की सीमाओं पर विशेष नजर रखी जाए ताकि अवैध शराब, हथियार व पैसा हल्के में प्रवेश न कर पाए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित धनराशि से राशि लेकर नहीं जा सकता है। अगर निर्धारित धनराशि से अधिक की राशि लेकर जाता है तो उसे इसका कारण बताना होगा। उन्होंने निरीक्षण टीमों में शामिल कर्मियों को यह भी निर्देश दिए कि जब भी कोई चेकिंग अभियान चलाया जाए तो उसकी वीडियोग्राफी अवश्य करवाना सुनिश्चित करें। संबंधित टीमों को एक-एक वीडियोग्राफर भी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए की चुनावी टीम विनम्र व्यवहार करें।

Leave a Reply