महेन्द्रगढ़, 11 अप्रैल : नारनौल के कनीना में बृहस्पतिवार सुबह हुए स्कूल बस हादसे में आठ बच्चों की मौत हो गई। जबकि 22 बच्चे घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई है। थोड़ी देर में घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आज ईद-उल-फितर की छुट्टी होने के बावजूद स्कूल खुला हुआ था। ऐसे में अभिवावक सहित सभी लोग स्कूल प्रशासन पर सवाल भी उठा रहे हैं। हादसे की मुख्य वजह सामने आयी है। नियमों को ताक पर रख कर बस दौड़ाई जा रही थी। ड्राइवर शराबी है। यह जानते हुए भी स्कूल प्रबंधन ने उसे बस की चाबी सौंप दी। घटना के लिए स्कूल प्रबंधन से लेकर आरटीए भी कम जिम्मेदार नहीं हैं।
अनियंत्रित होकर पलट गई बस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बार में जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि बच्चों को लेकर जा रही एक जीएल पब्लिक स्कूल की बस नारौल में उन्हानी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में छह बच्चों की मौत हो चुकी है। कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच की जा रही है।
2018 में ही खत्म हो गया था बस का फिटनेस सर्टिफिकेट
पुलिस जांच के अनुसार, बस का फिटनेस सर्टिफिकेट छह साल पहले 2018 में समाप्त हो गया था। ईद-उल-फितर की छुट्टी के बावजूद स्कूल चल रहा था। कक्षा चार से कक्षा दस तक के बच्चे कनीना के जी.एल. पब्लिक स्कूल के थे। पुलिस ने बताया कि बच्चे स्कूल जा रहे थे तभी एक अन्य वाहन को ओवरटेक करते समय बस पलट गई।
नशे में था ड्राइवर, 120 की स्पीड से चल रही थी बस
महेंद्रगढ़ के कनीना में एक निजी स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हुए एक छात्र का कहना है कि ड्राइवर नशे में था। वह बस को 120 की स्पीड से चला रहा था, जिससे संतुलन बिगड़ गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीडि़तों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने निजी अस्पताल में पहुंच कर 12 छात्रों का हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने सीमा त्रिखा ने कहा कि निजी स्कूल संचालक व्यापार करना बंद करें। कहा कि निजी स्कूल संचालक को नियमों का पालन करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि ड्राइवर के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल व मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कहा कि ईद के अवकाश के दिन स्कूल खोलना गंभीर बात है। इसको लेकर प्रदेश के सभी शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई जाएगी।
पूर्व सीएम दुष्यंत चौटाला ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महेंद्रगढ़ के उन्हानी गांव में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होने का दु:खद समाचार मिला है। जिसमें बच्चों के निधन और कुछ बच्चों के घायल होने की हृदय विदारक सूचना है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मृतक बच्चों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें। भगवान से प्रार्थना है कि बच्चों के परिवार को ये अपार पीड़ा सहने की शक्ति दें।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दु:खद है। मेरी संवेदनाएं मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन के द्वारा घायल बच्चों को सहायता पहुंचाई जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है।सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। जिसमें कुछ बच्चों की असामयिक मृत्यु होने और कुछ के घायल होने की सूचना है। मैं सभी शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि नारनौल के उनहानी के पास स्कूल बस के दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई बच्चों की दु:खद मृत्यु और कई बच्चों के घायल होने की खबर पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने बच्चों को खोने वाले परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि बस दुर्घटना में घायल बच्चे जल्द से जल्द स्वस्थ हों।

Leave a Reply