लोकसभा चुनाव । भाजपा ने जारी किया मेनिफेस्टो, भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी दिया नाम
नई दिल्ली 14 अप्रैल : पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में संकल्प पत्र जारी किया। भाजपा ने रविवार को 2024 लोकसभा चुनाव के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी किया। इसे भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री ने अलग-अलग वर्ग और क्षेत्र के लोगों को मंच पर बुलाकर संकल्प पत्र की पहली कॉपी सौंपी। ये वो लोग हैं, जिन्हें मोदी सरकार की पिछली किसी न किसी योजना का फायदा मिला।
इसके साथ ही पिछले 10 साल के वादों और उन्हें पूरा करने पर बना एक वीडियो भी जारी किया गया। प्रधानमंत्री ने 46 मिनट की स्पीच में 70 साल की उम्र से ऊपर के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने का वादा किया। उन्होंने कहा- तीसरे टर्म में हर वर्ग के बुजुर्गों को 5 लाख तक का इलाज मुफ्त दिया जाएगा। गरीबों को मिलने वाली मुफ्त राशन योजना 2029 तक जारी रहेगी। साथ ही 3 करोड़ लोगों को मकान देने का वादा किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा- 4 जून को नतीजे आने के तुरंत बाद बीजेपी के संकल्प पत्र पर काम शुरू हो जाएगा। सरकार ने 100 दिन की कार्ययोजना पर पहले ही काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार गरीब, मध्यमवर्ग का हक छीनता है। हजारों करोड़ के घोटाले बंद हुए हैं और गरीब को हक मिल रहा है। गरीब को लूटने वाले जेल जा रहे हैं। निरंतर सख्त कार्रवाई होती रहेगी, ये मोदी की गारंटी है। लाल किले से कहा था कि यही समय है-सही समय है। आने वाले एक हजार वर्षों के लिए भारत के भविष्य को तय करने वाला ये उत्तम से उत्तम अवसर है, उत्तम से उत्तम समय है। पीएम ने कहा कि 140 करोड़ लोगों की अपनी एम्बिशन मोदी का मिशन है।
हरियाणा के किसान को दी संकल्प पत्र की पहली कॉपी
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया। खास बात यह है कि इसकी पहली कॉपी हरियाणा के किसान को सौंपी गई। किसानों के प्रतिनिधि के तौर पर यह कॉपी उन्हें दी गई। किसान रामवीर चाहर हरियाणा में झज्जर के गांव पाना केशो सिलानी के रहने वाले हैं। इस दौरान कहा गया कि रामवीर को केंद्र की पीएम सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और पशुधन योजनाओं का लाभ मिला है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामवीर से बात की। उनसे केंद्र सरकार की तरफ दी जा रही योजनाओं का भी फीडबैक लिया। रामवीर ने केंद्र की स्कीमों की सराहना करते हुए कहा कि ये हरियाणा और किसानों का सम्मान बढ़ाने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की भी तारीफ की। इस बारे में हरियाणा बीजेपी को भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया है।

Leave a Reply