पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 6 मई : हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार ने किसान वर्ग के उत्थान पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। सरकार का हमेशा यही प्रयास रहा है कि कृषि प्रधान देश का किसान खुशहाल होना चाहिए। रणजीत सिंह चौटाला अपने जनसंपर्क अभियान के तहत नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के गांव पेटवाड़ में जनसभा करके वोटों की अपील कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार सदैव किसान हितैषी रही है और किसानों के हित में अनेक कदम उठाए हैं। किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी नीतियां लागू की है, जिनका किसान वर्ग फायदा उठा रहा है। उन्होंने कहा कि डीएपी व यूरिया खाद पर सरकार 75 प्रतिशत सबसिडी दे रही है, खेत में डिग्गी खोदने पर भी 75 प्रतिशत और सोलर पंप लगाने पर भी सरकार 75 प्रतिशत सबसिडी दे रही है ताकि किसानों को लाभ पहुंचे और उन पर आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि 30 साल पुराने खाल, जो कांग्रेस सरकार ने भी नहीं बनवाए, वो भी भाजपा सरकार ने नए बनवाए ताकि किसानों के खेत में पानी आसानी से लग सके। इसके अलावा सरकार ने हर वर्ग के हित में नीतियां लागू की है ताकि कोई भी वर्ग सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से अछूता न रहे। उन्होंने कहा कि देश को उन्नत व विकसित बनाने के लिए मजबूत सरकार का होना जरूरी है और इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 400 पार का नारा दिया है जो आप सभी के समर्थन और आशीर्वाद से पूरा होगा।

Leave a Reply