पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 16 मई : हमने सदैव वकीलों को उनके हक दिलाने की पैरवी की है। चाहे जननायक चौधरी देवीलाल हो, चाहे दुष्यंत चौटाला हो और चाहे मेरी बात हो, हमने अधिवक्ताओं की वकालत करके उनकी समस्याओं का निवारण करवाया है। अब हमारे हिसार की दिल्ली में वकालत करने की बारी है और आपने मौका दिया तो मैं भी दुष्यंत की तरह संसद में हिसार के हर हक की लड़ाई मजबूती से लडूंगी। यह बात हिसार से जननायक जनता पार्टी की लोकसभा उम्मीदवार नैना सिंह चौटाला ने कही। वे वीरवार को हिसार बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को संबोधित कर रही थी। जेजेपी उम्मीदवार नैना सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल ने ही वकीलों को चैंबर देने की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल के नक्शे कदम पर चलते हुए दुष्यंत चौटाला ने हिसार बार के वकीलों के लिए अनेक कदम उठाए है। नैना चौटाला ने कहा कि डिप्टी सीएम रहते हुए दुष्यंत ने हिसार बार के वकीलों के चैम्बर बनाने के लिए 12 कनाल 8 मरले जमीन मुहैया करवाई। उन्होंने कहा कि दुष्यंत ने वर्ष 2022 में पुराने चैम्बर की रिनोवेशन के लिए 31 लाख और पूर्व मंत्री अनूप धानक से पुरानी बिल्डिंग की रिनोवेशन के लिए से 10 लाख रुपये दिलवाए। नैना चौटाला ने कहा कि दुष्यंत के प्रयासों से ही हिसार को जीएसटी ट्रिब्यूनल की बड़ी सौगात मिली थी। उन्होंने कहा कि जीएसटी ट्रिब्यूनल से न केवल हिसार के व्यापारियों को फायदा मिला है बल्कि अधिवक्ताओं को भी इसका लाभ हुआ है।

Leave a Reply