गुजर रहे ट्रक ड्राइवर ने सो रहे लोगों को उठाया, बाप-बेटी झुलसे, 15 झुग्गियां व सामान राख
पाठकपक्ष न्यूज
हांसी, 1 जून : हांसी में शनिवार अल सुबह करीब 4 बजे झुग्गी-झोपडिय़ों में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में यहां बनी 15 झोपडिय़ां आग की चपेट में आ गई। यहां रह रहे लोगों में इससे भगदड़ मच गई। आग से 5 वर्षीय बच्ची व उसका पिता बुरी तरह से झुलस गए। झुग्गियों में रखा सामान भी पूरी तरह से जल गया। फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंची। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी अनुसार हांसी में न्यू मॉडल टाउन के सामने टेलीफोन एक्सचेंज नजदीक झुग्गी-झोपडिय़ां बनी हुई हैं। आज (1 जून) सुबह 4 बजे के करीब झोपडिय़ों में आग लग गई। जब आग लगी तो उस समय सभी लोग अपनी झुग्गियों में ही सो रहे थे। वहां से गुजर रहे ट्रक ड्राइवर ने झुग्गी में आग लगी देखी तो उसने अपना ट्रक रोका और झुग्गियों में सो रहे लोगों को जगाया। इसके बाद यहां भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में आग फैल कर 15 झोपडिय़ों तक जा पहुंची। झुग्गियों में रखा सारा सामान जलने लगा। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। इस बीच यहां लगी आग से 5 साल की एक बच्ची व एक अन्य व्यक्ति झुलस गए हैं। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास किए। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझी, लेकिन तब तक झोपडिय़ों में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था। लोगों ने बताया कि झुग्गी में एक पांच साल की बच्ची सो रही थी। आग लगने के बाद उसके पिता महेंद्र उसे निकालने के लिए गए। इस बीच दोनों ही आग से झुलस गए। दोनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आग से सभी झोपडिय़ां जल गई हैं। आग कैसे लगी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

Leave a Reply