बराला का बबली पर कटाक्ष-भाजपा की योजनाओं का श्रेय लेकर कांग्रेस को समर्थन दिया
पाठकपक्ष न्यूज
फतेहाबाद, 1 जून : सिरसा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर ने शनिवार को टोहाना में पार्टी वर्करों की बैठक में पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने गड़बड़ी जरूर की है। ऐसे लोगों, कर्मचारियों की लिस्ट तैयार की जा रही है, जिन्होंने गड़बडियां की हैं। सरकार की नौकरी करने वाले ऐसा करते हैं, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे लोगों से संविधान को खतरा है। उधर, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला अप्रत्यक्ष रूप से पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली पर निशाना साधते हुए कहा पीएम मोदी व प्रदेश सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने वालों ने कांग्रेस का साथ देकर नीति व सिद्धांतों को ताक पर रख दिया है। डॉ. तंवर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमने मजबूती से चुनाव लड़ा। लोगों ने धक्के से हवा बनाने का काम किया, लेकिन जनता ने इन चुनावों में विपक्षियों की हवा निकालने का काम किया। बड़े मार्जिन से सिरसा सीट पर कमल खिलने जा रहा है, जो 400 सीटों में भागीदार होगा। राज्य सभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं और जनता में भारी उत्साह नजर आया। आज उन्हीं जनता व कार्यकर्ताओं का आभार जताने के लिए मीटिंग की थी। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से हरियाणा में 10 की 10 सीटें भाजपा जीत रही है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के जितने भी मौकापरस्त लोग हैं, जिन्होंने भाजपा के कार्यों का श्रेय लेने का काम किया। पीएम मोदी के नेतृत्व में जो काम हुए, उनका श्रेय लेने का काम किया, ऐसे लोगों ने राजनीतिक मर्यादाओं को ताक पर रखते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार का साथ दिया। उनको अपनी नीति, सिद्धांत ताक पर रखते हुए हमने देखा कि उनकी कोई विचार या विचारधारा नहीं है। कुछ लोग केवल और केवल भाजपा का विरोध करते रहे, इसके बावजूद जनता ने जो विश्वास दिखाया, उससे कुछ लोगों के चेहरे नंगे हो गए। टोहाना से विधानसभा चुनाव लडऩे के सवाल पर बराला ने कहा कि फिलहाल पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए राज्यसभा में सेवा के लिए भेजा है, भविष्य में पार्टी हो सकता है किसी भी कार्यकर्ता को मौका दे दे, यह पार्टी की मर्जी है। भाजपा में किसी की व्यक्तिगत इच्छा नहीं चलती। उन्होंने कहा कि डॉ. तंवर बड़े मार्जिन से सिरसा से चुनाव जीतेंगे। रिजल्ट से पहले ही आभार मीटिंगों के सवाल पर बराला ने बताया कि भाजपा ऑटो मोड पर चलने वाली पार्टी है, जो अभी से 2024 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है। उन्होंने इंडी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस गठबंधन के साथ ऐसा हो गया है कि इस दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा कोई वहां गिरा। एग्जिट पोल आने वाले हैं, उससे पहले ही कांग्रेस ने कह दिया है कि उनका कोई प्रवक्ता इसमें भाग नहीं लेगा। क्योंकि कांग्रेस के आंतरिक विश्लेषण में कांग्रेस 100 के पार नहीं जा रही, वह कांग्रेस जो इंडी गठबंधन में सबसे बड़ा दल होने का दावा करती है।

Leave a Reply