पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 3 जून : अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि लोकसभा चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने फिर से राष्ट्रीय राजमार्ग के टोलों की दरों में 5 प्रतिशत वृद्धि व दूध में 2 रुपए लीटर वृद्धि की है। टोल के किराए में बार-बार वृद्धि करने से यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और ट्रांसपोर्ट महंगी होने से हर जरूरत का सामान भी महंगा होगा जबकि देश भर में लगभग 855 टोल प्लाजा लगे हुए हैं। बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार के नियम अनुसार एक से दूसरा टोल प्लाजा 60 किलोमीटर की दूरी पर ही लगाया जा सकता है। मगर अग्रोहा व मय्यड़ के बीच टोल प्लाजा कि सिर्फ लगभग 34 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में अग्रोहा में जो टोल लगाया है। वह सरासर गलत है। अग्रोहा टोल प्लाजा हटाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कई बार बयान आ चुके हैं। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार ने अमूल व वेरका दूध में 2 रुपए प्रति लीटर वृद्धि कर दी है जबकि इससे पहले भी 7 फरवरी को दूध के रेटों में वृद्धि की थी। बजरंग गर्ग ने कहा कि देश में जब से भाजपा सरकार आई है तब से अब तक दूध, दही, आटा, दालें, चावल, सरसों तेल, रसोई गैस आदि सामान की कीमतें पहले से लगभग 100 से 250 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। जब से देश आजाद हुआ है तब से अब तक कपड़ा, चीनी, दूध, दही, लस्सी पर कभी टैक्स नहीं था मगर भाजपा सरकार ने इन चीजों पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी लगाकर गरीबों के मुंह का निवाला छीनने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.