बच्चों ने शिविर के दौरान मेडिटेशन, योग व अन्य रचनात्मक क्रियाओं में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 2 जून : ओशो ध्यान उपवन में रचनात्मक क्रियाओं व सर्वांगीण विकास पर आधारित पांच दिवसीय बच्चों के शिविर की शुरुआत धूमधाम से की गई। बच्चों को मेडिटेशन व योग के सरल उपाय बताकर उनका अभ्यास करवाया गया। बच्चों ने रोप एडवेंचर का भी आनंद उठाया। विशेषज्ञों ने बच्चों को एनएलपी तकनीक व ब्रेन जिम से रूबरू करवाया। कई बच्चों ने आर्ट एंड क्राफ्ट में अपना हुनर दिखाया। बहुत से बच्चों ने गायन व नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चिल्ड्रन मेडिटेशन व सेलिब्रेशन रिट्रीट के आयोजक स्वामी संजय ने बताया कि यह शिविर सिरसा रोड स्थित ओशो ध्यान उपवन में 6 जून तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर में बच्चों को जहां फन एक्टिविटी का मौका मिल रहा है, वहीं उन्हें एकाग्र होकर अपना कार्य करने का भी अभ्यास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छुपी होती है। इस शिविर से बच्चों को अपनी प्रतिभा दर्शाने व निखारने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि बहुत से बच्चे अपना काफी समय गैजेट्स पर नष्ट कर देते हैं। इस शिविर में बच्चों को समय का सदुपयोग सिखाया जा रहा है और उन्हें करियर संबंधी संपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
स्वामी संजय ने बताया कि पांच दिवसीय चिल्ड्रन मेडिटेशन व सेलिब्रेशन रिट्रीट में बच्चों को सिखाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से विशेषज्ञ पधारे हैं। इसी भांति हिसार से बाहर से आए हुए बच्चों के रहने व भोजन की समुचित व्यवस्था ओशो ध्यान उपवन में की गई है। उन्होंने कहा कि ओशो ध्यान उपवन के प्राकृतिक व हरियाली से लबरेज वातावरण में बच्चों को अलग ही ऊर्जा की अनुभूति होती है।

Leave a Reply