हिसार, 8 मई (इकबाल सिंह उप्पल): जन नायक जनता पार्टी के नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने आज अपने निवास पर बुलाई प्रेस वार्ता में कहा कि आज हरियाणा की अल्पमत की भाजपा सरकार को चलता करने के लिए हम तैयार हैं और कांग्रेस भी सरकार गिराने के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। चौटाला ने कहा कि हम राज्यपाल से लिखित अनुरोध करेंगे कि भाजपा सरकार को हरियाणा विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने को कहें। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम व्हिप जारी करेंगे और आज कानून के हिसाब से व्हिप से बाहर कोई नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के जिन तीन विधायकों ने अनुशासनहीनता की है उनको कानूनी कारण बताओ नोटिस दे रखा है। उनका जवाब आते ही अगली कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि नामांकन भरने के समय उमड़े जन समूह ने ये साबित कर दिया है कि इस बार हिसार लोक सभा की आवाज बन कर नैना चौटाला ही संसद में जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चाहे इस बार हिसार से चार उम्मीदवार चौधरी देवी लाल की सोच के वारिस होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन सही में असली दावेदार कौन है, जनता सब जानती है। चौटाला ने कहा कि हमारी पार्टी जननायक जनता पार्टी हरियाणा की दस की दस लोकसभा और करनाल विधानसभा उपचुनाव लड़ रही है। जबकि इनलो 6 सीटों पर ही मैदान में है। इस अवसर पर पार्टी नेता अमित बुरा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। तीन स्वतंत्र विधायकों द्वारा अपना समर्थन वापस लेने के बाद हरियाणा में भाजपा सरकार के बहुमत खोने के एक दिन बाद, जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला ने बुधवार को घोषणा की कि पार्टी नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ मतदान करेगी। अविश्वास प्रस्ताव की स्थिति में विपक्ष के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है तो जेजेपी भी भाजपा के खिलाफ वोटिंग करेगी। चौटाला ने कहा, अगर भाजपा सरकार जल्दी से गिरा दी जाती है, तो वे सरकार के पतन को सुविधाजनक बनाने के लिए बाहर से समर्थन प्रदान करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अगर आज फ्लोर टेस्ट हुआ तो जेजेपी विधायक सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए वोट करेंगे।
जेजेपी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को कमजोर शासक भी बताया और कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मंडियों से अब तक सरसों-गेहूं का उठान नहीं हुआ है और कई सप्ताह से किसानों का भुगतान पेंडिंग है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व गठबंधन सरकार ने फसल खरीद, उठान, भुगतान के लिए बेहतर व्यवस्था बनाई थी और उसके कारण किसानों को पिछले चार साल में कभी ऐसी समस्या नहीं आई। एक सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार से जेजेपी उम्मीदवार नैना चौटाला के नामांकन के दौरान हिसार की जनता ने जो जोश दिखाया, उससे साबित होता है कि हिसार इस बार संसद में अपनी मजबूत आवाज नैना चौटाला को भेजेगा और लोकसभा चुनाव में जनता राष्ट्रीय पार्टियों के गूंगे सांसदों को करारा जवाब देगी।

Leave a Reply