पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 31 मई : हिसार के खनन व्यापारी वेदपाल तंवर को एन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट ईडी ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वेदपाल तंवर का भिवानी के डाडम में खनन का बड़ा कारोबार है। तंवर नोटिस का जवाब देने के लिए दिल्ली गए थे। वहीं ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले, 3 अगस्त 2023 को ईडी की टीम ने हिसार के सेक्टर-15 स्थित तंवर के आवास पर रेड की थी। इस दौरान ईडी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले थे। तंवर पर करोड़ों रुपए की हेराफेरी का आरोप है। इसके बाद ईडी ने तंवर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। नोटिस का जवाब देने में तंवर न केवल देरी की, बल्कि ईडी की कार्रवाई में सहयोग भी नहीं किया था। रेड के दौरान तंवर की पत्नी पर भी टीम से गलत व्यवहार करने के आरोप हैं। करीब 9 महीने पहले ईडी ने वेदपाल तंवर और हांसी में कांग्रेस नेता सुरेंद्र मलिक के साथ अर्बन एस्टेट में रहने वाले एडवोकेट वजीर कोहाड़ के घर पर रेड की थी। ईडी ने दबे पांव इनके घर पुलिस सुरक्षा में पहुंची थी। वेदपाल तंवर उस समय घर पर नहीं थे। तंवर की पत्नी और बेटी घर पर ही थी। रेड के दौरान किसी को बाहर नहीं जाने दिया गया। तीनों के घरों पर ईडी ने कई घंटों तक दस्तावेज खंगाले थे और पूछताछ की थी। तीनों लोगों को इक_ा बिजनेस है। वेदपाल तंवर मूलत तोशाम के रहने वाले हैं। वह मिर्चपुर कांड के दौरान चर्चा में आए थे। उन्होंने दलित नेताओं को अपने फार्म हाउस पर ठहराया था। वेदपाल तंवर, वजीर कोहाड़ और स्वर्गीय सुरेंद्र मलिक का परिवार कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी का काफी करीबी है। वेदपाल तंवर की हिसार सेक्टर 15 में आलीशान कोठी है। इसके अलावा उनका एक बड़ा फार्म हाउस है।

Leave a Reply