तलवंडी राणा बाई पास पर ग्रामीणों के धरने को एक वर्ष हुआ पूरा

तलवंडी राणा बाई पास पर ग्रामीणों के धरने को एक वर्ष हुआ पूरा

 
– ग्रामीणों की मांग अधूरा बचा 3 कि.मी. का रोड देकर ग्रामीणों की समस्या का किया जाए स्थाई समाधान –
– कल बरवाला हलके दौरे पर आ रहे उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को ग्रामीण सौंपेंगे ज्ञापन –
– बुधवार को धरने पर आयोजित किया जाएगा सांस्कृतिक कार्यक्रम  –
हिसार 6 फरवरी : गांव तलवंडी राणा सहित आस-पास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के धरने को एक वर्ष पूरा हो गया है। तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ओ.पी. कोहली ने बताया कि सबसे पहले जब तलवंडी राणा बरवाला रोड को बंद किया गया था तब ग्रामीणों ने गांव में ही 34 दिनों तक धरना दिया था तब बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग के माध्यम से ग्रामीणों को बुलाकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 25 जनवरी 2022 को अनाज मंडी हिसार की जनसभा में एयरपोर्ट के बीच से ग्रामीणों को अस्थायी सडक़ मार्ग देने की घोषणा की थी लेकिन एयरपोर्ट की पट्टी बनने का काम शुरू होते ही रातों-रात इस अस्थायी रोड को उखाड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीण 7 फरवरी 2023 को एयरपोर्ट के पास ही धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने वहां से अपने धरने का स्थान बदलकर तलवंडी राणा बाई पास चंडीगढ़ रोड पर स्थायी रूप से किया और अब 6 फरवरी को इस धरने को एक साल पूरे हो गए हैं।
ओ.पी. कोहली ने बताया कि वर्तमान अस्थायी रोड के बंद हो जाने से इस रोड पर पडऩे वाले सैकड़ों उद्योग धंधे, व्यापार, कारोबार ठप हो गए और दर्जनों गांवों के रोजाना जाने वाले हजारों लोगों जिनमें छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, फल, सब्जी, दूध विक्रेता किसान आदि को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और ग्रामीण बेहद मुश्किलों के दौर से गुजर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के प्रयासों से ग्रामीणों को 2.2 कि.मी. का सडक़ मार्ग तो मिल गया है जिस का निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन इस रोड को एयरपोर्ट के साथ लगती पुरानी सडक़ पर ही जोड़ा रहा है लेकिन इस रोड की जमीन हवाई अड्डे की तीसरे पट्टी में आ चुकी है और उसके लिए यह जमीन एक्वायर भी हो चुकी है। इसलिए यह रोड पुन: हवाई अड्डे में आ जाएगी और ग्रामीणों के सामने फिर से वही स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि हमें धांसु रोड गैस प्लांट से तलवंडी राणा माइनर तक 3 कि.मी. का रोड और दिया जाए। इस रोड की जमीन वन विभाग, नहर विभाग, एयरपोर्ट व जीएलएफ में आती है इसलिए इन सभी विभागों से एनओसी लेकर जल्द से ग्रामीणों को स्थायी सडक़ मार्ग दिया जाए ताकि इस समस्या का स्थाई समाधान हो सके। ग्रामीणों को यह स्थायी सडक़ मार्ग मिलने के बाद फिर से यह सडक़ मार्ग गुलजार हो उठेगा और लोगों के जो उद्योग-धंधे, रोजगार ठप हो चुके थे वे फिर से गति पकड़ेंगे। इसके साथ ही उन लाखों लोगों की परेशानी का हल हो सकेगा जो अभी 22-23 कि.मी. घूमकर बरवाला से हिसार की ओर जाते-जाते हैं। कोहली ने कहा कि यह रोड आस-पास के ग्रामीणों के लिए संजीवनी के समान है और स्थायी सडक़ मार्ग मिलने के बाद ग्रामीणों के चेहरे की खोई खुशी व चमक फिर से लौट आएगी।
एडवोकेट ओ.पी. कोहली ने बताया कि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बुधवार को उकलाना-बरवाला हलके के दौरे पर आ रहे हैं। ग्रामीण उनसे मिलकर 2.2 कि.मी. रोड के लिए धन्यवाद देंगे और बाकी का 3 कि.मी. सडक़ मार्ग देने संबंधी ज्ञापन उन्हें सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि धरने को एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में बुधवार को धरने पर सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया है जिसमें हरियाणा के कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
चित्र सहित।
जारीकर्ता
ओ.पी. कोहली
प्रधान, तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति
मो. 98961 50550  

Leave a Reply

Your email address will not be published.