मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अलोकतांत्रिक ढंग से की गई गिरफ्तारी से देशभर में रोष : दलबीर किरमारा
हिसार, 26 मार्च : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अलोकतांत्रिक ढंग से की गई गिरफ्तारी व इसके विरोध में कुरूक्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में आम आदमी पार्टी ने यहां सिरसा रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लाठी से आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए हेलमेट लगाकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष दलबीर किरमारा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के तौर पर कांग्रेस नेता बजरंग दास गर्ग व अन्य भी शामिल हुए।
अनाज मंडी स्थित कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय की ओर गए। यहां पर ऐहतियात के तौर पर पहले ही पुलिस तैनात करके कार्यालय की सुरक्षा के लिए बेरिकेडिंग की हुई थी। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दलबीर किरमारा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अलोकतांत्रिक ढंग से की गई गिरफ्तारी से देशभर में रोष है। भाजपा सरकार दिल्ली व पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों द्वारा जनता के हित में किए जा रहे कार्यों को पचा नहीं पा रही है।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला कन्वीवर एवं प्रदेश प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि चुनाव के ऐन मौके पर कांग्रेस के खाते फ्रीज करना, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी तथा अन्य कार्रवाइयों ने साबित कर दिया है कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखकर बौखला गई है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ऐसी दबाने वाली कार्रवाइयों से झुकेगा नहीं बल्कि और मजबूत होकर उभरेगा। प्रदर्शन का संचालन जिला सचिव वीएल शर्मा व कमल सोलंकी ने किया।

Leave a Reply