पूर्व सीएम की पहल पर दोनों पार्टियां लड़ रही सोची समझी रणनीति के तहत काम
हांसी, 27 मार्च : वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी ने कहा है कि हिसार लोकसभा क्षेत्र में भाजपा व जजपा एक सोची समझी रणनीति के तहत चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने जानबूझकर कमजोर उम्मीदवार रणजीत सिंह को मैदान में उतारा है ताकि जजपा नेता दुष्यंत चौटाला अपनी माता को यहां से मैदान में उतारकर विजयी बनाने का प्रयास कर सकें। उन्होंने मूल रूप से भाजपा से जुड़े लोगों को सलाह दी कि वे अपनी पार्टी में 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर लें ताकि बाहर से आकर टिकट लेने वालों की भीड़ में कुछ मूल भाजपाइयों को भी टिकट मिल सकें। कांग्रेस नेता मनोज राठी हिसार लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से बिजली मंत्री रणजीत सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ व सेटिंग के चलते भाजपा सारे नियम, कायदे व सिद्धांत ताक पर रख देती है। कांग्रेस नेता मनोज राठी ने कहा कि हिसार में भाजपा के दो प्रमुख नेता कुलदीप बिश्नोई व कैप्टन अभिमन्यु टिकट के दावेदार थे लेकिन उनकी ऐन वक्त पर टिकट काटते हुए 30 मिनट पहले शामिल हुए रणजीत सिंह को टिकट दे दी। उन्होंने कहा कि हमें जो पता चला है, उसके तहत पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व उप मुख्यमंत्री की सांठगांठ से ऐसा हुआ है क्योंकि भाजपा-जजपा का गठबंधन अंदरूनी तौर पर अब भी है और जनता को भ्रमित करने के लिए गठबंधन तोडऩे की घोषणा की गई है। उन्होंने मूल भाजपाइयों को सलाह दी कि अपनी पार्टी में 33 प्रतिशत आरक्षण मांग ले ताकि एक-दो सीट उन्हें मिल सकें। उन्होंने कहा कि हिसार सहित सभी 10 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस मजबूत स्थिति में हैं और कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे।

Leave a Reply