महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज में रक्तदान उत्सव

हिसार, 1 मार्च : आज भिवानी रोहिल्ला स्थित महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज में महाविद्यालय की एनएसएस यूनिट व रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान उत्सव का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन बालसमंद के नायब तहसीलदार कुंवरदीप सिंह ने किया। दीप प्रज्वलन से समारोह की शुरुआत हुई। कुंवरदीप सिंह ने छात्राओं एवं स्टाफ का उत्साह देख रक्तदान को पवित्र कर्म बताते हुए कहा कि रक्तदानियों का जज़्बा सराहनीय है और एक यूनिट ब्लड तीन लोगों को नवजीवन दे सकता है। महाविद्यालय चेयरमैन श्री भारत भूषण प्रधान ने कहा कि रक्तदान लोगों को ट्रांसफ्यूजन के माध्यम से आवश्यक रक्त प्राप्त करने में मदद करता है। इस उत्सव में महाविद्यालय डायरेक्टर डॉ नीलम प्रभा ने कहा कि रक्तदान एक सामाजिक कार्य है जिसमें रक्तदाता को आत्मिक गौरव की अनुभूति होती है। शिविर में डॉ. ऋचा के नेतृत्व में अग्रोहा मेडिकल हिसार की टीम द्वारा रक्त संचयन किया गया। शिविर में डॉ शमीम शर्मा ने 49वीं बार रक्तदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्या डॉ शमीम शर्मा ने रक्तदान को जीवन का उत्सव बताया तथा छात्राओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि कुंवरदीप सिंह ने सभी रक्तदानियों को सर्टिफिकेट और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गांव भिवानी रोहिल्ला के सरपंच बलजीत सिंह, संस्कृत प्राध्यापिका बंटी और कॉमर्स अध्यापिका सोनू,पूर्व छात्रा पायल, मास्टर शंकरलाल, अध्यापक सुंदर सिंह, प्रवेश, रोशनी, बलजीत, प्रवीन, विकास, बस ड्राइवर सुरेंद्र, ग्रामवासी सोमवीर, विक्रम, दिनेश, मुकेश, पुष्पा, और अनीता तथा अन्य के साथ 60 छात्राओं ने इस रक्तदान रूपी महायज्ञ में अपनी भागीदारी दर्ज की। महाविद्यालय की 155 छात्राओं ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया। छात्राओं में उत्साह का आलम यह था कि जिन छात्राओं को उम्र या वजन के आधार पर रिजेक्ट किया गया वे फूट-फूट कर रोने लगीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.