गुजविप्रौवि में तीन दिवसीय सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
फरवरी 20, 2024
फरवरी 20, 2024
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के ट्रेनिंग एंड प्लेसमैंट सैल के उद्भावना क्लब द्वारा बार्कले की सीएसआर पहल के रूप में 2024 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए रुबिकॉन स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से तीन दिवसीय कैंपस रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग (सीआरटी)-कम-सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन समारोह चौधरी रणबीर सिंह सभागार के सेमिनार हॉल-1 में हुआ। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर समारोह के मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस के डीन प्रो. कर्मपाल नरवाल समारोह के विशिष्ट अतिथि थे। समारोह की अध्यक्षता प्लेसमैंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने की।
मुख्य अतिथि कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों द्वारा दिया गया समय निकट भविष्य में उनके लिए अत्यंत फायदेमंद होगा। उन्होंने जीवन में प्रभावी संचार कौशल के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों को आवश्यक कौशल जैसे समूह चर्चा कौशल, व्यक्तिगत साक्षात्कार कौशल, प्रस्तुति कौशल, प्रभावी बायोडाटा के बारे में स्पष्टता आदि के साथ सशक्त बनाएगा।
विशिष्ट अतिथि प्रो. कर्मपाल नरवाल ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों के लिए इस कौशल कार्यक्रम के आयोजन के लिए ट्रेनिंग एंड प्लेसमैंट सैल को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके द्वारा कार्यक्रम में लिए गए ज्ञान पर काम करते रहने का सुझाव दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को इसीएल और जीसीएल के सामूहिक सॉफ्ट स्किल और सीएससीएल पर काम करने का आह्वान किया।
प्लेसमैंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि रूबिकॉन स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड से इंदर शर्मा, बिप्लब कुमार प्रसाद व अनुभव शर्मा सहित देश के विभिन्न भागों से उपस्थित विशेषज्ञों एवं पेशेवर प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण दिया। समूह चर्चा, साक्षात्कार, लिंक्डइन एवं बायोडाटा बनाने के बारे में गहन बातचीत, मनोरंजक खेल, भागीदारी गतिविधियों आदि के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के लिए पूजा सोनजे, तोशिका व रूबिकॉन स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सभी प्रशिक्षकों के साथ-साथ सभी विभागाध्यक्षों व विभागों के प्लेसमैंट समन्वयक शिक्षकों को भी धन्यवाद दिया।
प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में उन्हें दूसरे विद्यार्थियों के समक्ष बोलने में काफी झिझक होती थी, लेकिन प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनका आत्मविश्वास के साथ-साथ संवाद करने का मनोबल भी काफी बढ़ गया है। सभी प्रशिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किये और विद्यार्थियों से इस कार्यशाला में अर्जित कौशल पर काम करते रहने की अपील की।
समारोह में समन्वयक शिक्षक डॉ. नयनतारा, डॉ. कृष्ण दत्त, चेतना, सुखदेव, डॉ के.डी. रावत, अंकुश, आयूष, डॉ. प्रमोद व डा. महावीर भी उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। तीन बैचों में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के 230 विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र भी दिये गये। उद्भावना क्लब समन्वयक तेजस्वी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम समन्वयक मुस्कान, रवि व तेजस्वी के साथ-साथ बैच समन्वयक ज्योति, कुणाल, कविता, अमित, खुशी सिहाग, गौरव, राहुल व योगिता तथा स्वयंसेवकों अंशुल, रोहित, अमीषा, दिनेश, अनमोल ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया। महक व पिंटू ने समारोह का संचालन किया।

Leave a Reply