हिसार संघर्ष समिति जिला उपायुक्त को तहसील कार्यालय में लोगों को आ रही परेशानी से करवाएगी अवगत

हिसार संघर्ष समिति जिला उपायुक्त को तहसील कार्यालय में लोगों को आ रही परेशानी से करवाएगी अवगत

तहसील कार्यालय में बैठने व पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से महरूम हैं लोग : जितेन्द्र श्योराण

हिसार, 15 मार्च : हिसार संघर्ष समिति के अध्यक्ष जितेंद्र श्यारोण ने बताया कि तहसील परिसर में आमजन को रोजाना अनेक प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।  प्रतिदिन यहां काफी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है जिससे सरकार को भारी राजस्व की प्राप्ति भी होती है। सरकार को राजस्व देने वाली जनता को यहां बैठने तक सुविधा उपलब्ध नहीं है। 

जितेंद्र श्योराण ने बताया कि तहसील कार्यालय में पहुंचने वाले लोगों में सबसे अधिक संख्या बुजुर्गों व महिलाओं की होती है जो जमीन, मकान, प्लॉट आदि की रजिस्ट्री के लिए यहां पर आते हैं, जिन्हें सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ भी नहीं मिलता है। ना ही बैठने की जगह है, ना पीने के लिए पानी, ना ही कोई डिजिटल टोकन मशीन का इस्तेमाल आमजन को हाजिर होने के लिए लगाया गया है। महिलाओं एवं बुजुर्गों को सुबह से लेकर कई बार तो शाम तक भी इंतजार में करना पड़ता है। रजिस्ट्री इत्यादि के राजस्व का देश एवं प्रदेश की सरकार व सिस्टम को चलाने में अहम योगदान होता है फिर भी जो नागरिक राजस्व देने के लिए प्रशासनिक कार्यालय में आते हैं वे सुविधाओं के नाम पर खुद को बिल्कुल ठगा सा महसूस करते हैं।

श्योराण ने कहा कि प्रशासन का यह दायित्व बनता है और जनता का अधिकार भी कि कार्यालय में पहुंचने वाले लोगों का काम समय अनुसार व सिस्टम से हो और इसके अलावा उन्हें बैठने व पानी इत्यादि की सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी संबंध में हिसार संघर्ष समिति सोमवार को जिला उपायुक्त को एक पत्र सौंपकर तहसील कार्यालय में लोगों को आ रही परेशानियों को दूर करने की मांग उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनके समक्ष इस समस्या को लेकर काफी लोग आ चुके हैं इसलिए प्रशासन से मांग की जाएगी कि तहसील कार्यालय की व्यवस्था को दुरुस्त कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.