सावित्री जिंदल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल, मनोहर बोले- सावित्री जिंदल का कदम सराहनीय
हिसार, 28 मार्च : आज मशहूर इंडस्ट्रीयलिस्ट सावित्री जिंदल ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हिसार पहुंचकर सावित्री जिंदल को भाजपा ज्वॉइन करवाई। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि हम सब की जिम्मेदारी बनती है कि प्रदेश में सुधार किया जाए। मनोहर लाल की सरकार में खूब विकास कार्य हुए हैं। ऐसा पहली बार प्रदेश में हो रहा है कि लाभार्थियों को हर सुविधा का लाभ दिया जा रहा है। नायब सैनी हिसार में भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला के कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे हैं। पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने यहां कांग्रेस छोड़ कर भाजपा जॉइन की है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ कमल गुप्ता, फतेहाबाद के विधायक दुड़ा राम व अन्य भाजपा नेता मौजूद हैं। हिसार के सुशीला भवन में कार्यालय उद्घाटन के साथ ही जनसभा का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाजपा कार्यकर्ता और रणजीत सिंह चौटाला के समर्थक पहुंचे हैं। पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि 2 दिन पहले ही रणजीत चौटाला बीजेपी परिवार के सदस्य बने और उनको हिसार लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया। राज्यसभा सांसद डीपी वत्स का कार्यकाल पूरा हो गया है। उनकी जगह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला राज्यसभा सदस्य की शपथ ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि आदमपुर विधायक भव्य बिश्नोई के परिवार की लम्बी विरासत रही है। चौ. भजन लाल की विरासत को बढ़ाते हुए कुलदीप बिश्नोई सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावित्री जिंदल अब भाजपा में शामिल होकर और अधिक विकास और सेवा कर पाएंगी। उन्होंने भाजपा में शामिल होने का जो निर्णय लिया है, वह काफी सराहनीय है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि हिसार लोकसभा का कार्यक्रम हिसार शहर में हो रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहली बार हिसार पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हिसार लोकसभा से रणजीत सिंह चौटाला भारी मतों से जीतते हैं तो यह समझ लेना कि प्रदेश की 10-10 लोकसभा सीटों पर कमल का फूल खिलने वाला है। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा कि पूरे हरियाणा प्रदेश को हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा देते हुए सरकार ने आगे बढऩे का कार्य किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने काफी विकास कार्य किए। मौजूदा पीएम नायब सिंह सैनी भी प्रदेश को आगे बढ़ाने के कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply