उप मुख्यमंत्री राजस्व विभाग को ताला लगाकर चाबी देना भूले, रजिस्ट्री नहीं होने से लोग हैं परेशान : जितेंद्र श्योराण
हिसार, 18 मार्च : हिसार संघर्ष समिति के अध्यक्ष जितेंद्र श्यारोण आज तहसील कार्यालय में लोगों को आ रही समस्याओं को हल करवाने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त को ज्ञापन देने पहुंचे लेकिन उपायुक्त की अनुपस्थिति के चलते वे ज्ञापन नहीं दे पाए। इसके बाद जितेंद्र श्योराण खुद तहसील कार्यालय पहुंचे और वहां लोगों से तहसील की कार्य प्रणाली के बारे में बातचीत की। लोगों में तहसील की कार्य प्रणाली के प्रति गहरा रोष देखने को मिला। लोगों ने बताया कि आम जनता को सुविधाएं देना तो दूर की बात है जब से नई सरकार का गठन हुआ है तब से तहसील में रजिस्ट्रियां ही नहीं की जा रही। जिस पर जितेन्द्र श्योराण तहसील कार्यालय में अधिकारियों से मिले और उन्हें चेतावनी दी कि यदि रजिस्ट्री बनाने का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे तहसील कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ जाएंगे और इसके विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री का कार्य शुरू हुआ और लोगों की रजिस्ट्रियां हो पाई।
जितेन्द्र श्योराण ने कहा कि लगता है पूर्व उपमुख्यमंत्री राजस्व विभाग को ताला लगाकर उसकी चाबी देना ही भूल गए हैं। इस विभाग व सिस्टम में उन्होंने जो घोटाले किए हैं उन्हें छिपाने के लिए इस तरह के प्रयास कर रहे हैं तभी इतने दिनों से लोगों को परेशान किया जा रहा था जिसे आज समिति के प्रयासों से सुचारू रूप से चालू किया गया है। श्योराण ने बताया कि जब से सरकार गिरी है और ‘ठगबंधनÓ टूटा है तब से लेकर अभी तक तहसील कार्यालय में रजिस्ट्रियां ही नहीं हो रही हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा लग रहा है कि जैसे चाबी वाली सरकार इस विभाग में को ताला लगा करके चाबी को अपने साथ ही ले गई और नई सरकार को चाबी देना ही भूल गई। उन्होंने कहा कि यह कहीं ना कहीं सिस्टम के साथ छेडख़ानी करके खुद द्वारा किए गए घोटालों का छुपाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्योराण ने बताया कि लोगों के काफी दिनों से टोकन कटे हुए होने के बावजूद उनके कार्य नहीं हो पा रहे थे। रजिस्ट्री के साथ ही लोगों को पैसों का लेनदेन करना होता है उनका वह पैसा भी रुका हुआ था। अधिकारियों से बातचीत के बाद तुरंत प्रभाव से सोमवार को लगभग 1 से 1:30 के बीच रजिस्ट्री करने का कार्य शुरू हुआ तो लोगों को कुछ राहत मिली। जितेंद्र श्योराण ने कहा कि जिला उपायुक्त के मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें अब कल ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Leave a Reply